अकाली दल ने जीता रामपुरा फूल ब्लॉक समिति चेयरमैन चुनाव:मनदीप कौर बनीं चेयरपर्सन, किरनजीत कौर को वाइस चेयरपर्सन चुनी गई




बठिंडा के रामपुरा फूल ब्लॉक समिति के चेयरमैन पद के लिए हुए चुनाव में शिरोमणि अकाली दल ने आम आदमी पार्टी (AAP) को हरा दिया है। हाईकोर्ट के निर्देश पर हुए इस चुनाव में अकाली दल की मनदीप कौर चेयरमैन चुनी गईं। अकाली दल को 10 वोट मिले, जबकि आम आदमी पार्टी को 9 वोट प्राप्त हुए। यह चुनाव पहले भी हो चुका था, जिसमें अकाली दल ने ब्लॉक समिति सदस्यों के चुनाव में बहुमत हासिल किया था। हालांकि, चेयरमैन के चुनाव के दौरान आम आदमी पार्टी के स्थानीय विधायक बलकार सिंह सिद्धू और प्रशासन ने कथित तौर पर आपत्ति जताई थी। अकाली दल के सदस्यों ने ‘दादागिरी’ का आरोप लगाते हुए पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट का रुख किया था। हाईकोर्ट ने दिया था दुबारा चुनाव का आदेश हाईकोर्ट ने मामले की सुनवाई के बाद बठिंडा प्रशासन की देखरेख में चुनाव दोबारा कराने का आदेश दिया था। कोर्ट ने यह भी अनिवार्य किया था कि पूरी चुनावी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी की जाए ताकि पारदर्शिता बनी रहे। आज, बठिंडा प्रशासन की निगरानी में, अकाली दल और आम आदमी पार्टी के ब्लॉक समिति सदस्य बठिंडा के डीसी कॉन्फ्रेंस हॉल पहुंचे। रामपुरा फूल के एसडीएम की अध्यक्षता में यह चुनाव वीडियोग्राफी के साथ संपन्न हुआ। इस दौरान अकाली दल को 10 और आम आदमी पार्टी को 9 वोट मिले। उच्चस्तरीय विकास कार्य कराए जाएंगे : मनदीप कौर चुनाव के बाद, अकाली दल ने मनदीप कौर को चेयरमैन और किरनजीत कौर को वाइस चेयरमैन चुना। नवनिर्वाचित चेयरमैन मनदीप कौर ने इस अवसर पर कहा कि क्षेत्र में विकास कार्य उच्च स्तर पर किए जाएंगे। इस दौरान पूर्व मंत्री सिकंदर सिंह मलूका भी मौजूद थे। उन्होंने कहा कि लोगों ने एक बार फिर अपना फैसला सुनाया है और सत्य की जीत हुई है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *