अकाली दल वारिस पंजाब दे ने सरकार की जनविरोधी नीतियों पर तीखा हमला किया है। पार्टी के प्रमुख एवं सांसद अमृतपाल के पिता नेता बापू तरसेम सिंह ने कहा कि पंजाब के हकों की लूट अब और बर्दाश्त नहीं होगी। उन्होंने सरकार पर लोगों के असली मसलों को हल करने में पूरी तरह नाकाम रहने का आरोप लगाया। बापू तरसेम सिंह ने कहा कि सरकार युवाओं को रोजगार देने के बजाय उन्हें नशे की तरफ धकेल रही है। किसानों और मजदूरों की मांगों को नजरअंदाज किया जा रहा है, और सिख समुदाय के संवैधानिक हकों पर लगातार हमले हो रहे हैं। अजनाला में आयोजित समागम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि अकाली दल वारिस पंजाब दे एक ऐसा आंदोलन है जो पंजाब की असली आवाज उठाने के लिए खड़ा हुआ है। यह पार्टी पंजाबियों पर हो रहे हर तरह के जुल्म और नाइंसाफी के खिलाफ डटकर खड़ी रहेगी। अपने हकों के लिए एकजुट हो संगत : बापू तरसेम सिंह बापू तरसेम सिंह ने संगत से अपील की कि वे अपने हकों के लिए एकजुट होकर लड़ें और पंथक सोच को मजबूत करें। इस मौके पर भाई सुरिंदरपाल सिंह तालिबपुरा ने कहा कि अजनाला की धरती हमेशा संघर्षों की गवाह रही है। उन्होंने संगत को भरोसा दिलाया कि अकाली दल वारिस पंजाब दे, हर वर्ग की आवाज बनकर उभरेगा और इलाके के हर व्यक्ति की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल करने के लिए संघर्ष करेगा। अजनाला में नई राजनीतिक ताकत बनेगी पार्टी : भाई तालिबपुरा भाई तालिबपुरा ने यह भी कहा कि पार्टी का हर कार्यकर्ता लोगों की सेवा करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि पार्टी अजनाला में एक नई राजनीतिक ताकत के रूप में मजबूत होगी। इस समागम में वरिष्ठ नेताओं में भाई अमरजीत सिंह वांचिरी, भाई हरभजन सिंह तूर, भाई परमजीत सिंह जोहल, भाई अमनदीप सिंह डडुआना, मंगल सिंह मच्छीवाला और भाई नवराज सिंह सहित कई अन्य नेता और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद थे।
Source link