खैरथल-तिजारा जिला कलेक्टर अतुल प्रकाश ने अधिकारियों को बिना अनुमति मुख्यालय न छोड़ने के निर्देश दिए हैं। यह निर्देश सोमवार को साप्ताहिक समीक्षा बैठक के दौरान दिए गए, जिसमें विभिन्न विभागों की प्रगति और लंबित मामलों की समीक्षा की गई। संपर्क पोर्टल के लंबित मामलों के निस्तारण के निर्देश दिए कलेक्टर ने संपर्क पोर्टल पर लंबित परिवादों के समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर जोर दिया। उन्होंने पीएमओ और सीएमओ कार्यालय से प्राप्त शिकायतों को 7 दिन में तथा अन्य विभागीय शिकायतों को 15 दिन के भीतर निपटाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि आमजन को त्वरित राहत देना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। असंतुष्ट परिवादों को दोबारा खोलकर निस्तारित करने के भी निर्देश दिए, ताकि शिकायतकर्ता को समस्या के समाधान की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सके। सभी अधिकारियों को नियमित रूप से संपर्क पोर्टल लॉगिन कर प्रकरणों की निगरानी करने को कहा गया। बैठक में ई-फाइल डिस्पोजल की भी समीक्षा की गई। जिला कलेक्टर ने निर्देश दिए कि कोई भी फाइल लंबित न रहे और सभी फाइलों का निस्तारण समयबद्ध तरीके से हो। उन्होंने कहा कि फाइल निस्तारण का समय घंटे में एक अंक से अधिक नहीं होना चाहिए। नगर निकाय,समाज कल्याण और शिक्षा विभाग को राजकाज के माध्यम से फाइलों का निस्तारण करने के निर्देश दिए गए। बजट घोषणाओं की समीक्षा की जिला कलेक्टर ने बजट घोषणा 2025-26 और 2026-27 की प्रगति की समीक्षा करते हुए सभी घोषणाओं को निर्धारित समय में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने भूमि आवंटन से संबंधित प्रकरणों में तेजी लाने और सहकारिता विभाग को पैक्स संबंधी भूमि आवंटन मामलों का शीघ्र निस्तारण करने को भी कहा। पीएम स्वनिधि योजना की समीक्षा के दौरान,पात्र लाभार्थियों को लक्ष्य के अनुसार लाभान्वित करने के निर्देश दिए गए।इसके अतिरिक्त, राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए लाभार्थियों की सफलता की कहानियां भेजने पर भी जोर दिया गया,ताकि अधिक से अधिक लोग इन योजनाओं का लाभ उठा सकें। ये रहे मौजूद बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर शिवपाल जाट,अभियंता पीएचईडी धर्मवीर यादव,नगरपरिषद आयुक्त मुकेश शर्मा,अधीक्षण अभियंता सार्वजनिक निर्माण विभाग ओमप्रकाश किराड़,अधीक्षण अभियंता जेपी बैरवा,सहायक निदेशक वेदप्रकाश सैनी,एसीएफ वन विभाग संजय चौधरी,संयुक्त निदेशक सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग वीरेंद्र त्यागी,उप आयुक्त श्रम विभाग प्रज्ञा शर्मा,मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी अरविंद गेट,डीटीओ खैरथल सविता भारद्वाज,जेएमओ मंडी प्रियंका प्रजापत,जिला शिक्षा अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
Source link