अबोहर में जमीन विवाद ने लिया हिंसक रूप:नकाबपोश हमलावरों ने व्यक्ति पर तलवारों से किया हमला; पीड़ित ने रिश्तेदार पर लगाया आरोप




अबोहर के गांव धर्मपुरा में आज तीन नकाबपोश हमलावरों ने एक व्यक्ति को तेजधार हथियारों से घायल कर दिया। पीड़ित ने अपने एक नजदीकी रिश्तेदार सहित अन्य युवकों पर हमले का आरोप लगाया है। घायल व्यक्ति का अपने माता-पिता से जमीन विवाद चल रहा है। उसे इलाज के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सरकारी अस्पताल में भर्ती धर्मपुरा निवासी स्वर्ण (40) पुत्र गोपीराम ने बताया कि उसके पास 16 मरले जमीन है। वह लंबे समय से दिल्ली में कैंटर चलाने का काम करता था और अपने परिवार के साथ वहीं रहता था। स्वर्ण के अनुसार, पिछली दिवाली पर उसके बेटे की मौत हो गई थी, जिसके बाद वह अपनी पत्नी और बेटी के साथ अपने गांव के मकान में आकर रहना चाहता है। पिता ने जमीन में हिस्सा देने से किया मना स्वर्ण ने बताया कि जब उसने अपने पिता से अपनी जमीन का हिस्सा मांगा, तो उन्होंने साफ इनकार कर दिया। पिता यह हिस्सा उसकी बहन को देना चाहते हैं और उन्होंने स्वर्ण को मकान में आने से भी मना कर दिया। स्वर्ण ने आगे बताया कि आज वह अपनी बाइक पर सैंदावाली के रास्ते श्रीगंगानगर जा रहा था। रास्ते में तीन नकाबपोश युवकों ने उसे घेर लिया। इनमें से एक उसका नजदीकी रिश्तेदार था। इसी जमीन विवाद के चलते हमलावरों ने तलवारों और लाठियों से उस पर हमला कर बुरी तरह घायल कर दिया और मौके से फरार हो गए। आसपास के लोगों ने उसे सिविल अस्पताल में भर्ती कराया। थाना बहाववाला पुलिस का कहना है कि घायल स्वर्ण के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि उसका अपने माता-पिता से चल रहा जमीन विवाद एक प्रशासनिक मामला है, जिस पर प्रशासनिक अधिकारी कार्रवाई करेंगे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *