फाजिल्का जिले के अबोहर में पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक दिव्यांग व्यक्ति को दो किलो पोस्त सहित गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा और पुलिस रिमांड हासिल कर पूछताछ की जाएगी। बता दे कि थाना नंबर 2 के एएसआई फतेह चंद अपनी टीम के साथ कल रात अजीमगढ़ लिंक रोड से बाईपास की ओर गश्त कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने एक युवक को सफेद प्लास्टिक थैले के साथ संदिग्ध अवस्था में खड़ा देखा। तलाशी लेने पर उसके पास से दो किलो पोस्त बरामद हुआ। दो किलो पोस्त सहित तस्कर गिरफ्तार पकड़े गए युवक की पहचान अजीमगढ़, अबोहर निवासी सुनील कुमार उर्फ कालू के रूप में हुई है। सुनील कुमार दिव्यांग है। पुलिस ने उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 15, 61, 85 के तहत मामला दर्ज किया है। प्रॉपर्टी डीलर का काम करने लगा था पूछताछ में सुनील कुमार ने बताया कि उसके दो बच्चे हैं। पहले वह एक कैंटर चलाता था और कुछ समय पूर्व राजस्थान से 16 किलो पोस्त लाते हुए पकड़ा गया था। उस घटना के बाद उसने पोस्त बेचने का काम बंद कर दिया था और प्रॉपर्टी डीलर का काम करने लगा था। लालच में आकर बना तस्कर सुनील के अनुसार, कल वह 1600 रुपए के लालच में आ गया। एक व्यक्ति ने उससे पोस्त मांगा था। मना करने पर उस व्यक्ति ने उसे पैसों का लालच दिया। इसके बाद वह अजीमगढ़ में एक होलसेलर नशा तस्कर से 13 हजार रुपए का पोस्त लाया था, लेकिन पुलिस के हत्थे चढ़ गया। आरोपी से पहले से दर्ज हैं केस जांच अधिकारी सब इंस्पेक्टर नवजोत ने बताया कि दिव्यांग सुनील कुमार पर पहले भी मामले दर्ज हैं। पुलिस अब उस व्यक्ति का पता लगाएगी जहां से पोस्त लाया गया था और जिसे यह पोस्त दिया जाना था। मामले की गहनता से जांच की जा रही है।
Source link