अबोहर में मेजर सुरेंद्र चौक से एसडीएम निवास के बाहर हाल ही में बनी एक सड़क महज दो दिन में ही टूट गई। स्थानीय विधायक संदीप जाखड़ ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और घटिया निर्माण पर रोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इसकी शिकायत मुख्यमंत्री भगवंत मान से करेंगे। इस घटना ने पंजाब सरकार के विकास के दावों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। इस सड़क का निर्माण बारिश के दौरान ही शुरू कर दिया गया था। मेयर ने इस पर कड़ी आपत्ति जताते हुए काम रोकने का निर्देश दिया था, लेकिन अधिकारियों और ठेकेदार ने निर्देशों की अनदेखी की। लाखों की लागत से बनी यह सड़क दो दिन में ही पूरी तरह बिखर गई। MLA ने घटिया सामग्री और लापरवाही पर नाराजगी जताई
निरीक्षण के दौरान विधायक जाखड़ ने निर्माण में इस्तेमाल की गई घटिया सामग्री और लापरवाही पर नाराजगी जताई। उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान के पिछले बयानों का जिक्र करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री कहते थे कि अब सड़कें ईमानदारी से बनेंगी, लेकिन यहां जनता के पैसे की सरेआम बर्बादी हो रही है। CM भगवंत मान से शिकायत करेंगे- MLA जाखड़
जाखड़ ने घोषणा की कि वे इस पूरे मामले की शिकायत मुख्यमंत्री भगवंत मान से करेंगे। उन्होंने एक मांग पत्र सौंपकर इस भ्रष्टाचार की उच्च स्तरीय जांच करवाने और दोषी अधिकारियों व ठेकेदार पर कड़ी कार्रवाई की मांग करने की बात कही। इस अवसर पर कई पूर्व पार्षद और भाजपा कार्यकर्ता भी उनके साथ मौजूद थे।
Source link