अमृतसर में राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। डॉ. नवजोत कौर सिद्धू ने अकाली दल के प्रधान सुखबीर सिंह बादल पर तीखा हमला बोलते हुए कई गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक वीडियो साझा कर बादल से सीधे सवाल पूछे और उनकी कार्यशैली पर निशाना साधा। वीडियो की शुरुआत में डॉ. सिद्धू ने कहा कि ‘जो भी आपसे टक्कर लेता है, उसे आप जीने के काबिल नहीं छोड़ते।’ इस बयान के जरिए उन्होंने राजनीतिक दबाव और विरोधियों के साथ कथित व्यवहार पर सवाल उठाए। डॉ. सिद्धू ने सुखबीर बादल की संपत्ति को लेकर भी कई सवाल खड़े किए। बादल के संपत्ति पर उठाए सवाल उन्होंने आरोप लगाया कि जब बादल राजनीति में आए थे, तब उनके पास सीमित जमीन थी, लेकिन आज उनकी संपत्तियों का दायरा काफी बढ़ चुका है। उन्होंने जनता से इसका पूरा हिसाब देने की मांग की। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सरकारी रेस्ट हाउस और पर्यटन स्थलों का कथित तौर पर निजी हितों के लिए इस्तेमाल किया गया और उन्हें रिश्तेदारों को सौंपा गया। इसके अलावा, बस परिवहन और माइनिंग सेक्टर में एकाधिकार स्थापित करने के भी आरोप लगाए गए। डॉ. सिद्धू ने कहा कि पंजाब में बस ऑपरेट करने की स्वतंत्रता खत्म कर दी गई और रूट्स पर कब्जा कर लिया गया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि राज्य में कारोबार प्रभावित हुआ क्योंकि हर व्यापार में हिस्सेदारी की मांग की जाती थी। सिख समुदाय को नहीं मिला न्याय उन्होंने बेअदबी के मामलों को उठाते हुए कहा कि सिख समुदाय को न्याय नहीं मिला। गुरुद्वारों के फंड के दुरुपयोग और धार्मिक संस्थाओं पर दबाव बनाने जैसे गंभीर आरोप भी लगाए गए। डॉ. सिद्धू ने यह भी दावा किया कि पुलिस तंत्र का दुरुपयोग कर गलत कार्य करवाए गए और विरोधियों को दबाने की कोशिश की गई। उन्होंने कहा कि कई करीबी सहयोगी भी साथ छोड़कर चले गए, क्योंकि वे इस कार्यशैली से असहज थे। अपने बयान के अंत में डॉ. सिद्धू ने कहा कि वे हर मुद्दे पर जवाब मांगती रहेंगी और भविष्य में भी इस तरह के सवाल उठाती रहेंगी।
Source link