अमेठी में गैस सिलेंडर के लिए धूप में लाइन:एजेंसियों पर मची मारामारी, प्रशासन कह रहा- पर्याप्त स्टॉक है




अमेठी जिले में रसोई गैस सिलेंडर के लिए उपभोक्ताओं को घंटों धूप में खड़ा रहना पड़ रहा है। पिछले कई दिनों से जिले में सिलेंडर को लेकर मारामारी का माहौल बना हुआ है। हालात ऐसे हैं कि लोग सुबह से एजेंसियों के बाहर लाइन लगाकर खड़े हो रहे हैं, लेकिन फिर भी उन्हें समय पर सिलेंडर नहीं मिल पा रहा। अमेठी की लगभग सभी गैस एजेंसियों पर उपभोक्ताओं की लंबी कतारें देखी जा रही हैं। बड़ी संख्या में लोग सिलेंडर लेने के लिए एजेंसियों के बाहर इंतजार कर रहे हैं। जिला मुख्यालय गौरीगंज स्थित शिवांशु गैस सर्विस के बाहर रोजाना सैकड़ों लोगों की भीड़ जुट रही है। यहां उपभोक्ताओं को भीषण धूप में घंटों खड़े रहना पड़ रहा है। एक एजेंसी बंद, फिर भी नहीं सुधरे हालात एक दिन पहले ही अनियमितताओं के चलते पूर्ति विभाग ने अमेठी कस्बे की प्रकाश गैस एजेंसी को बंद करा दिया था। एजेंसी संचालक के खिलाफ थाने में मुकदमा भी दर्ज कराया गया था। इसके बावजूद जिले में सिलेंडर को लेकर हालात सामान्य नहीं हो सके हैं। लोगों की भीड़ कम होने के बजाय लगातार बढ़ती नजर आ रही है। उपभोक्ताओं ने एजेंसी संचालकों पर लगाए आरोप स्थानीय निवासी बृजलाल जायसवाल और रिंकू दुबे ने बताया कि उन्हें सिलेंडर लेने में काफी परेशानी हो रही है। उन्होंने एजेंसी संचालकों की लापरवाही को इसके लिए जिम्मेदार ठहराया। उपभोक्ताओं का कहना है कि पर्याप्त आपूर्ति का दावा किया जा रहा है, लेकिन जमीनी स्तर पर उन्हें सिर्फ लंबी लाइन, देरी और परेशानी ही मिल रही है। अधिकारियों के दावे और जमीनी हकीकत में अंतर जिले के अधिकारी लगातार यह दावा कर रहे हैं कि गैस सिलेंडर की पर्याप्त उपलब्धता है। लेकिन एजेंसियों के बाहर लगी लंबी कतारें और उपभोक्ताओं की परेशानी इन दावों की पोल खोलती नजर आ रही है। अब सवाल यह है कि जब प्रशासन पर्याप्त स्टॉक होने की बात कह रहा है, तो फिर उपभोक्ताओं को घंटों धूप में क्यों खड़ा रहना पड़ रहा है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *