अररिया पुलिस ने कुख्यात अपराधी डेविड उर्फ गुलाब उर्फ लालू को गिरफ्तार किया है। जोकीहाट और महलगांव थाना की संयुक्त टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर ‘टॉप 10’ सूची में शामिल इस वांछित अपराधी को पकड़ा। पुलिस को लंबे समय से उसकी तलाश थी। बैंक में शटर काटकर घुसने का किया था प्रयास अररिया के पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार ने प्रेस वार्ता में बताया कि गिरफ्तार आरोपी जाली नोट के कारोबार से जुड़ा था। उसने सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की गरैया शाखा का शटर काटकर अंदर घुसने का प्रयास भी किया था, हालांकि वह अपने मंसूबे में सफल नहीं हो सका। पुलिस के अनुसार, आरोपी अन्य आपराधिक घटनाओं को अंजाम देने की फिराक में था। गिरफ्तार आरोपी की पहचान डेविड उर्फ गुलाब उर्फ लालू, पिता मोहम्मद मोइनुज्जम, निवासी वार्ड संख्या-03, थाना महलगांव, जिला अररिया के रूप में हुई है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, उस पर जोकीहाट, महलगांव, रानीगंज और अन्य थानों में धोखाधड़ी, जालसाजी, चोरी, बैंक में सेंधमारी का प्रयास सहित कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह इन मामलों में लंबे समय से फरार चल रहा था। एसपी बोले-आरोपी से पूछताछ जारी एसपी जितेंद्र कुमार ने इस गिरफ्तारी को गुप्त सूचना और टीम वर्क का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से एक खतरनाक अपराधी कानून की गिरफ्त में आया है, जिससे क्षेत्र में अपराधियों के मनोबल पर असर पड़ेगा। उन्होंने यह भी बताया कि आरोपी से पूछताछ जारी है और उसके अन्य साथियों का भी पता लगाया जा रहा है। स्थानीय लोगों ने इस गिरफ्तारी का स्वागत किया है और पुलिस की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे अपराधियों की गिरफ्तारी से इलाके में सुरक्षा का माहौल बेहतर होगा। अररिया पुलिस ने अपराध मुक्त समाज बनाने के लिए ऐसे अभियानों को तेज करने का संकल्प लिया है। यह घटना बिहार पुलिस की सक्रियता को दर्शाती है।
Source link