अररिया शहर के शिवपुरी स्थित हरे कृष्ण केंद्र द्वारा आयोजित श्रीमद् भागवत ज्ञान यज्ञ सप्ताह के दूसरे दिन शुक्रवार रात बड़ी संख्या में श्रद्धालु उमड़े। जगन्नाथ भवन, कृष्णापुरी, एपीएस रोड, वार्ड संख्या 09 के समीप ग्राउंड में सैकड़ों भक्तों ने श्रीमद् भागवत महापुराण की कथा सुनी। वृंदावन धाम से पधारे ध्रुवनारायण प्रभु जी ने कथा का वाचन किया। उनकी वाणी ने पूरे वातावरण को भक्ति रस से भर दिया। उपस्थित भक्तों ने श्रद्धापूर्वक उनके दिव्य वचनों को सुना और उन्हें अपने जीवन में आत्मसात करने का संकल्प लिया। 18 अप्रैल तक चलेगा यज्ञ इस ज्ञान यज्ञ का शुभारंभ 9 अप्रैल को कलश यात्रा के साथ हुआ था और यह 18 अप्रैल तक चलेगा। प्रतिदिन शाम 5 बजे से रात्रि 9 बजे तक श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन किया जा रहा है। आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं, जिनके लिए महाप्रसाद का वितरण भी किया जा रहा है। कथा के दौरान आध्यात्मिक नाम से प्रसिद्ध सर्वात्मा मुरारी दास उर्फ सुभाष चंद्र यादव ने बताया कि वे 2010 से हरे कृष्ण केंद्र से जुड़े हुए हैं और 2013 में उन्होंने दीक्षा ली थी। लगातार 5 सालों से हो रहा कथा हरे कृष्ण केंद्र के प्रभु जी ने बताया कि राधा रास बिहार की कृपा से अररिया जिले में लगातार पांच वर्षों से कथा, कीर्तन और सत्संग का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि हजारों युवक-युवतियां भगवान के नाम जपकर और कथा सुनकर भक्ति मार्ग पर चल रहे हैं। प्रभु जी ने आध्यात्मिक जीवन की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भगवान से जुड़ने से शांति, सुख, समृद्धि और आनंद की प्राप्ति होती है। इससे बुराइयां धीरे-धीरे समाप्त होती हैं और भगवान का प्रेम प्राप्त कर जीवन प्रसन्न रहता है। उन्होंने स्थानीय नागरिकों से इस ज्ञान यज्ञ में अधिक संख्या में शामिल होने और भक्ति रस का आनंद लेने की अपील की। इस आयोजन से अररिया में भक्ति जागरण की लहर फैल रही है, जो युवा पीढ़ी को सकारात्मक दिशा प्रदान कर रही है।
Source link