अलवर में एक युवक ट्रेन की चपेट में आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसा अलवर के विजय मंदिर थाना क्षेत्र के पड़ीसल गांव में हुआ। सूचना मिलते ही विजय मंदिर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। मृतक की पहचान मोहन बैरवा (18) निवासी खोह के रूप में हुई है। पुलिस ने परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद परिजन जिला अस्पताल पहुंचे। परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार मोहन पड़ीसल गांव में अपने मामा के घर रह रहा था और यहीं बेलदारी का काम करता था। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि हादसे के समय मोहन ने कानों में ईयरफोन लगाकर पटरियों पर बैठा था, जिससे उसे ट्रेन की आवाज सुनाई नहीं दी और वह अचानक ट्रेन की चपेट में आ गया। हादसा इतना भीषण था कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई। SHO प्रेमलता ने बताया- सोमवार सुबह शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा और पूरे मामले की जांच की जा रही है।
Source link