आरोपियों को जल्द से जल्द सजा दिलाना प्रायोरिटी-SP:सीवान एसपी ने अपराध नियंत्रण पर दिए निर्देश, कहा- फरार अपराधियों को पकड़ें




सीवान पुलिस प्रशासन ने कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए कमर कस ली है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक पुरन कुमार झा द्वारा अपराध गोष्ठी का आयोजन समाहरणालय सभागार में किया गया। इस महत्वपूर्ण बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक, सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक, सभी थानाध्यक्ष एवं विभिन्न शाखाओं के प्रभारी मौजूद रहे। आर्म्स एक्ट के मामलों को जल्द निपटाएं बैठक के दौरान जिले में बढ़ते अपराधों पर नियंत्रण और विधि-व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए कई अहम दिशा-निर्देश जारी किए गए। पुलिस अधीक्षक ने हत्या, आर्म्स एक्ट जैसे गंभीर मामलों के त्वरित निष्पादन पर विशेष जोर देते हुए कहा कि ऐसे मामलों में आरोपियों को जल्द से जल्द सजा दिलाना प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने सभी थानाध्यक्षों को सक्रिय भूमिका निभाते हुए फरार अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने और लंबित मामलों की नियमित समीक्षा करने का सख्त निर्देश दिया। इसके साथ ही जिले में विशेष अभियान चलाकर वारंट, सम्मन और कुर्की के निष्पादन में तेजी लाने को कहा गया। असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने और उनके खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने पर भी बल दिया गया। अपराध से अर्जित संपत्तियों की जब्ती की प्रक्रिया को तेज करने का भी निर्देश दिया गया। आम लोगों के साथ शालीन व्यवहार करें बैठक में ईआरएसएस (इमरजेंसी रिस्पांस सपोर्ट सिस्टम) के तहत प्राप्त शिकायतों पर हर हाल में 15 मिनट के भीतर प्रतिक्रिया देने की अनिवार्यता दोहराई गई। साथ ही थानों में आने वाले आम लोगों के साथ शालीन व्यवहार रखने और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करने पर विशेष जोर दिया गया। आगंतुक पंजी के नियमित संधारण को भी अनिवार्य किया गया। पुलिस पदाधिकारियों को नियमित गश्ती करने, संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने तथा वाहन चेकिंग अभियान को और सख्त बनाने के निर्देश दिए गए। अवैध शराब के खिलाफ अभियान चलाते हुए शराब माफियाओं की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने की भी बात कही गई। उत्कृष्ट कार्य करने वाले पदाधिकारी सम्मानित बैठक के अंत में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पांच पुलिस पदाधिकारियों को सम्मानित किया गया। वहीं बसंतपुर थानाध्यक्ष को “एसएचओ ऑफ द मंथ” घोषित किया गया। पुलिस अधीक्षक ने सभी अधिकारियों को मुस्तैदी और जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए जिले में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने का निर्देश दिया।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *