लखनऊ के इंदिरानगर इलाके में सोमवार शाम एक विवाहिता का शव घर में फंदे से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिला को नीचे उतरवाकर लोहिया अस्पताल भिजवाया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका के पिता ने दामाद पर हत्या का आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज कराई है। हरदोई के बघौली निवासी विजय पाल ने बताया कि करीब आठ महीने पहले बेटी अर्चना कश्यप (32) की शादी सीतापुर निवासी सुमित कश्यप से की थी। शादी के बाद दोनों इंदिरानगर के फरीदीनगर बस्ती में रह रहे थे। परिजनों का आरोप है कि सुमित कबाड़ का काम करता है और शादी के बाद से ही अर्चना को दहेज के लिए प्रताड़ित करता था। विरोध करने पर वह उसके साथ मारपीट करता था। सोमवार शाम पुलिस ने फोन कर अर्चना के फंदे से लटकने की सूचना दी। पिता का आरोप है कि सुमित ने पहले उनकी बेटी की गला दबाकर हत्या की और बाद में उसे आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फंदे से लटका दिया। इंस्पेक्टर अजय नारायण सिंह ने बताया तहरीर के आधार पर आरोपी सुमित के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Source link