उद्योगों को गैस संकट समेत अन्य मुद्दों पर मिला भरोसा:खन्ना में मंत्री अरोड़ा बोले-रिकॉर्ड निवेश से बढ़े रोजगार, उद्योगपतियों ने उठाए प्रदूषण-बिजली के मुद्दे




पंजाब के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री संजीव अरोड़ा ने खन्ना में आयोजित जिला स्तरीय एमएसएमई स्टेकहोल्डर इंटरैक्शन मीट में भाग लिया। उन्होंने उद्योगपतियों को गैस संकट सहित अन्य मुद्दों के समाधान का आश्वासन दिया और राज्य में रिकॉर्ड निवेश से रोजगार के अवसर बढ़ने की बात कही। यह बैठक उद्योग एवं वाणिज्य विभाग की ओर से एक होटल में आयोजित की गई थी। इसमें खन्ना, मंडी गोबिंदगढ़, फतेहगढ़ साहिब, दोराहा और पायल समेत आसपास के क्षेत्रों के बड़ी संख्या में उद्योगपतियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम के दौरान मंत्री संजीव अरोड़ा ने लगभग दो घंटे तक उद्योगपतियों से सीधी बातचीत की। इस दौरान उद्योगपतियों ने गैस की किल्लत, प्रदूषण, बिजली आपूर्ति, श्रमिकों के पलायन और अन्य प्रशासनिक मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। नई औद्योगिक नीति की जानकारी दी मंत्री ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को कई समस्याओं के तत्काल समाधान के निर्देश दिए। बैठक में केंद्र सरकार की रैंप (RAMP) स्कीम और पंजाब सरकार की नई औद्योगिक नीति 2026 के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई। उद्योगपतियों ने नई नीति के बेहतर रिस्पांस टाइम और निवेश के अनुकूल माहौल की सराहना की। मंत्री संजीव अरोड़ा ने कहा कि उद्योगों के बढ़ने के साथ ही समस्याएं सामने आती हैं, जो एक सकारात्मक संकेत है। उन्होंने बताया कि मंडी गोबिंदगढ़ में लगभग 2100 करोड़ रुपये का निवेश हुआ है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि वर्ष 2025-26 में पंजाब में रिकॉर्ड 60,256 करोड़ रुपये का निवेश हुआ है, जिसमें विदेशी कंपनियां भी शामिल हैं, जिससे हजारों लोगों को रोजगार मिलेगा। 5 किलो वाले गैस सिलेंडर की उपलब्धता के निर्देश गैस की किल्लत का मुद्दा बैठक में प्रमुख रूप से उठा। इस पर मंत्री अरोड़ा ने बताया कि फतेहगढ़ साहिब के डिप्टी कमिश्नर को निर्देश दिए गए हैं कि वे उद्योगपतियों के साथ बैठक कर समस्या का समाधान करें। जहां गैस पाइपलाइन नहीं है, वहां नई पाइपलाइन बिछाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी, जिससे गैस की कमी का असर कम होगा। इसके साथ ही श्रमिकों के पलायन को रोकने के लिए 5 किलो वाले गैस सिलेंडर की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। पर्यावरण संरक्षण को भी दे प्राथमिकता कोयले के उपयोग की अनुमति के सवाल पर मंत्री अरोड़ा ने कहा कि यह मामला एनजीटी (नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल) से जुड़ा हुआ है। सरकार इस विषय पर आईआईटी से स्टडी करवा रही है, जिसके बाद ही अंतिम फैसला लिया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार उद्योगों के विकास के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण को भी प्राथमिकता दे रही है। यह अध्ययन इस बात का आकलन करेगा कि प्रदूषण कितना है और इसमें उद्योगों का कितना योगदान है। नई भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया जाएगा बिजली विभाग के मुद्दे पर मंत्री ने कहा कि पावरकॉम में स्टाफ की कमी को दूर करने के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और जल्द ही नई भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि योग्य उम्मीदवारों को डिप्लोमा और डिग्री के आधार पर नियुक्त किया जाएगा, जिससे बिजली सेवाओं में सुधार आएगा। इस दौरान उद्योगपतियों ने ईएसआई अस्पतालों में डॉक्टरों और स्टाफ की कमी का मुद्दा भी उठाया, जिस पर मंत्री ने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार के स्तर पर जल्द ही नियुक्तियां की जाएंगी, जबकि केंद्र से जुड़े मामलों के लिए पत्र लिखा जाएगा। इसके अलावा जिला उद्योग कार्यालय को मंडी गोबिंदगढ़ से जोड़ने की मांग को पूरा करने का भरोसा दिलाया गया। चुनाव जरूर होंगे, लेकिन तारीख का फैसला चुनाव आयोग करेगा मंत्री अरोड़ा ने मीडिया से बातचीत में कहा कि पंजाब निवेशकों के लिए एक पसंदीदा गंतव्य बनता जा रहा है। उन्होंने बताया कि राज्य में बड़े औद्योगिक समूह भी निवेश के लिए आगे आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य उद्योगों को हर संभव सुविधा देना है, ताकि पंजाब औद्योगिक क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल हो सके। नगर कौंसिल चुनावों के बारे में पूछे जाने पर मंत्री संजीव अरोड़ा ने कहा कि चुनाव जरूर होंगे, लेकिन तारीख का फैसला चुनाव आयोग करेगा। सरकार चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार है और उम्मीद है कि प्रक्रिया जल्द शुरू होगी। वहीं, राज्यसभा सदस्य राघव चड्ढा को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि पार्टी ने जो भी फैसला लिया है, वह पार्टी के हित में लिया गया है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *