उन्नाव में वृद्धा की हत्या, बेटा गिरफ्तार:पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला घोंटने की पुष्टि के बाद कार्रवाई




उन्नाव में एक वृद्धा की हत्या के मामले में पुलिस ने उनके बड़े बेटे को गिरफ्तार किया है। सदर कोतवाली क्षेत्र के बंदूहार मोहल्ले में 76 वर्षीय शशिकला सिंह की मौत के बाद पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला घोंटकर हत्या की पुष्टि हुई थी। पुलिस ने देर रात दबिश देकर आरोपी बेटे को पकड़ा। जानकारी के अनुसार, शशिकला सिंह को बीते गुरुवार देर शाम उनके बड़े बेटे योगेंद्र सिंह, जो पेशे से अधिवक्ता हैं, जिला अस्पताल लेकर पहुंचे थे। डॉक्टरों ने जांच के बाद वृद्धा को मृत घोषित कर दिया था। शुरुआत में मौत को सामान्य बताया गया था। हालांकि, मामले ने तब नया मोड़ ले लिया जब मृतका के छोटे बेटे ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ने अपने बड़े भाई योगेंद्र पर मां की हत्या का आरोप लगाया। ज्ञानेंद्र ने पुलिस से पोस्टमार्टम कराने की मांग की, जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में वृद्धा की मौत गला घोंटने से होने की पुष्टि हुई। रिपोर्ट सामने आते ही आरोपी योगेंद्र पोस्टमार्टम हाउस से चुपचाप फरार हो गया, जिससे पुलिस का शक गहरा गया। इसके बाद पुलिस ने ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह की तहरीर पर योगेंद्र सिंह, उसकी पत्नी पूजा, बेटे आशुमेंद्र और बेटी दिव्या के खिलाफ हत्या समेत अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया। सदर कोतवाली पुलिस ने देर रात संघूपुर मोड़ के पास से मुख्य आरोपी योगेंद्र सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर घटना के पीछे के कारणों का पता लगा रही है। वहीं, मामले में नामजद अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *