छतरपुर शहर के एसपी ऑफिस में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक ‘घोड़ा पछाड़’ प्रजाति का सांप परिसर में घुस आया। पुलिस विभाग के प्रधान आरक्षक और ड्राइवर अयूब खान ने तत्परता दिखाते हुए सांप का सुरक्षित रेस्क्यू किया। बाद में उसे जंगल में छोड़ दिया गया, जिसके बाद स्टाफ और फरियादियों ने राहत की सांस ली। जानकारी के अनुसार, एसपी ऑफिस के मुख्य गेट के पास सांप देखा गया। इसकी सूचना प्रधान आरक्षक प्रवीण त्रिपाठी ने दी। उन्होंने तुरंत विभाग में सांप पकड़ने का अनुभव रखने वाले अयूब खान को बुलाया। अयूब खान ने मौके पर पहुंचकर देखा कि सांप एक पेड़ पर चढ़कर उसके बिलनुमा गड्ढे में छिप गया था। रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ा
अयूब खान ने बिना देरी किए लोहे की छड़ की मदद से सावधानीपूर्वक रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद उन्होंने सांप को बिल से बाहर निकाला और सुरक्षित तरीके से पकड़ लिया। इसके बाद सांप को शहर से दूर जंगल में छोड़ दिया गया। अयूब खान ने बताया कि वह अपनी नौकरी के दौरान अब तक 100 से अधिक सांप पकड़ चुके हैं। उन्होंने जानकारी दी कि पकड़ा गया सांप ‘घोड़ा पछाड़’ प्रजाति का था। यह सांप जहरीला होने के साथ-साथ अपनी पूंछ से भी हमला करता है, जिससे गंभीर घाव और संक्रमण का खतरा हो सकता है। बताया गया है कि एसपी ऑफिस के पास ही जंगल और पहाड़ी इलाका है, जो वन क्षेत्र में आता है। इसी कारण अक्सर सांप और अन्य जीव-जंतु इस परिसर में आ जाते हैं। घटना के समय छुट्टी का दिन होने के कारण ऑफिस में लोगों की संख्या कम थी। स्टाफ के अनुसार, यदि भीड़ अधिक होती तो कोई बड़ा हादसा हो सकता था। सांप के सुरक्षित रेस्क्यू के बाद विभाग के कर्मचारियों और फरियादियों ने राहत की सांस ली।
Source link