आपके यहां पर कोई तेज बाइक चलाता हो। कॉलेज या स्कूल के पास लड़कियों को परेशान करता है। काम कुछ नहीं और खूब पैसा कमा रहा है तो हमें बताएं। गलत काम करने वालों को पुलिस नहीं बख्शेगी। यह बात भारतीय प्रशासनिक सेवा (IPS) की अधिकारी उदयपुर एसपी डा. अमृता दुहन ने उदयपुर के गोगुंदा कस्बे में जनता से कहीं। उन्होंने कहा- जनता अपराध से जुड़ी कोई भी सूचना हो उनके सीयूजी नंबर पर वॉट्सएप करें वो सख्त कार्रवाई की जाएगी। एसपी के गोगुंदा दौरे के दौरान पंचायत समिति सभागार में सीएलजी बैठक आयोजित की गई। इसमें खुलकर चर्चा की गई। एसपी ने ग्रामीणों को संबोधित कर खुलकर बात की। चर्चा के दौरान एसपी ने अपना सीयूजी मोबाइल नंबर 8764527201 शेयर करते हुए कहा कि फोन करने की बजाय सिर्फ इस पर वॉट्सएप कर दीजिए। इस सीयूजी नंबर का वॉट्सएप मेरे फोन में है, इसे मै चेक करती हूं, फोन तो गनमैन के पास रहता है, लेकिन वॉट्सएप मेरे मोबाइल में चलता है। मेरी पूरी नजर रहती है। एसपी ने कहा- इस नंबर पर आप कोई भी बात बताएंगे वो मेरे पास आएगी। सूचना देने वाले का नाम, मोबाइल नंबर बाहर नहीं जाएगा, पूरी गोपनीयता रहेगी, आप मुझे सूचना दे सकते हैं। एसपी दुहन ने कहा- बेटियां कॉलेज-स्कूल में जाते समय कोई असामाजिक तत्व परेशान करते तो मुझे सूचना दे सकते हैं। कुछ असामाजित तत्व तेज बाइक चलाते या कोई घटना कर जाते है तो इसकी जानकारी भी मुझे भेज सकते हैं। उन्होंने कहा- जो कुछ काम नहीं करते और उनके पास खूब पैसा आ रहा है तो इसकी भी जानकारी देनी है। उन्होंने कहा कि इसके पीछे सोच है कि कहीं न कहीं गलत काम में वो लोग इन्वॉल्व होंगे। आपकी सूचना पर पुलिस जांच करेगी। एसपी ने जनता से कहा कि आपकी सूचना मेरे लिए बहुत महत्वपूर्ण होगी। इससे पहले एसपी ने गोगुंदा थाने का निरीक्षण कर कानून व्यवस्था के बारे में जाना। थाने पहुंचने पर पुलिस जवानों ने एसपी को गार्ड ऑफ ऑनर दिया। इसके बाद उन्होंने पुलिसकर्मियों से रूबरू होकर उनकी समस्याएं सुनीं और सर्कल क्षेत्र के अपराधों की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने थाने की व्यवस्थाओं, रिकॉर्ड और लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। इस दौरान एसपी दुहन गोगुंदा के चर्चित तुलसीराम प्रकरण में पीड़ित परिजनों से मिलीं। पूरे मामले की जानकारी ली। साथ ही सेमटाल निवासी शंकरलाल पालीवाल पर हुए चाकूबाजी हमले के मामले में भी परिजनों से मुलाकात कर निष्पक्ष एवं मजबूत कार्रवाई का भरोसा दिलाया। कार्यक्रम के अंत में थाना परिसर में गिर्वा सर्कल के छह थानों की क्राइम मीटिंग आयोजित की गई, जिसमें अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों के निस्तारण और पुलिस कार्यप्रणाली को और प्रभावी बनाने पर चर्चा की गई। निरीक्षण के दौरान गोगुंदा उपखंड अधिकारी शुभम भैसारे, एडिशनल एसपी गोपाल स्वरूप मेवाड़ा, गिर्वा डिप्टी गोपाल चंदेल एवं गोगुंदा थानाधिकारी श्याम सिंह चारण मौजूद रहे। वीडियो : गोपाल लोढ़ा, गोगुंदा ये खबर भी पढ़े… उदयपुर कलेक्ट्रेट में बिना हेलमेट ‘नो एंट्री’:चौपहिया वाहन चलाने वालों के लिए सीट बेल्ट जरूरी; गेट पर पुलिसकर्मी रहे तैनात
Source link