मुंगेर के खड़गपुर-बरियारपुर मुख्य मार्ग पर धपरी मोड़ के पास शुक्रवार को एक अनियंत्रित ऑटो-रिक्शा की चपेट में आने से 70 वर्षीय वृद्ध महिला की मृत्यु हो गई। दुर्घटना के बाद ऑटो चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। जानकारी के अनुसार, गोवड्डा गांव निवासी सुखदेव राम की पत्नी शांति देवी (70) शुक्रवार को खेत से गेहूं काटकर अपने घर लौट रही थीं। धपरी मोड़ के पास सड़क पार करते समय बरियारपुर की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार ऑटो ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर लगने से महिला सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। परिजनों ने घायल महिला को अस्पताल पहुंचाया दुर्घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से घायल महिला को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, खड़गपुर ले जाया गया। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के दौरान ही उनकी हालत बिगड़ गई और उन्होंने दम तोड़ दिया। महिला की मृत्यु की सूचना मिलते ही परिजनों में मातम छा गया। जानकारी के अनुसार, मृतका की चार विवाहित बेटियां हैं। घटना के बाद अस्पताल में शोक का माहौल था। हालांकि, मृतका के परिजनों ने कानूनी प्रक्रिया और पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। परिजनों के अनुरोध पर शव बिना पोस्टमार्टम के उन्हें सौंप दिया गया। इसके बाद परिजन अंतिम संस्कार के लिए शव को अपने पैतृक गांव ले गए। इस घटना से गांव में शोक व्याप्त है।
Source link