हनुमानगढ़ जिले की भिरानी थाना पुलिस ने ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा चलाने वाले 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें से 6 आरोपी हिसार जिले के गांव हिंदवान के रहने वाले हैं। पुलिस ने उनके कब्जे से मोबाइल, लैपटॉप, सट्टे रकम और लाखों रुपए का हिसाब-किताब बरामद किया है। साथ ही, दो लग्जरी कारें भी जब्त की गई हैं। थानाधिकारी राजेंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि राजबीर निवासी हिंदवान के घर पर क्रिकेट गेम में सट्टा लगाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने राजबीर के घर पर छापा मारा। मौके पर राजबीर निवासी भिरानी के अलावा हिसार जिले के हिंदवान गांव निवासी मोहन, देवेंद्र, रमेश, सोमवीर, ऋषिकेश और संदीप को क्रिकेट मैच पर ऑनलाइन दांव लगाते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया। 18 मोबाइल, कैश और 2 गाड़ियां जब्त आरोपियों के पास से 18 मोबाइल, एक लैपटॉप और 11 हजार 440 रुपए की सट्टा रकम जब्त की गई। इसके अतिरिक्त, लाखों रुपए के सट्टे का हिसाब-किताब वाला एक रजिस्टर भी मिला है। पुलिस ने फॉर्च्यूनर और विक्टोरियस नामक दो लग्जरी कारों को भी जब्त किया है। हनुमानगढ़ जिले के एसपी नरेंद्र सिंह मीना ने बताया कि जिले में नशा तस्करी, अवैध मादक पदार्थों, अवैध हथियारों, जुआ, सट्टा और अन्य अवैध धंधों की रोकथाम के लिए एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। यह कार्रवाई इसी अभियान के तहत की गई है। इस संबंध में भिरानी थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है। आगे की जांच पुलिस निरीक्षक लखवीर सिंह कर रहे हैं।
Source link