कटनी के सिहरा टोला में आंगनबाड़ी पर ताला:दूसरे दिन कलेक्टर को बुलाने की मांग पर अड़े ग्रामीण; SDM-तहसीलदार की समझाइश बेअसर




कटनी जिले के ग्राम पंचायत कोठी के सिहरा टोला में आंगनबाड़ी केंद्र के स्थानांतरण को लेकर विरोध प्रदर्शन तेज हो गया है। केंद्र को वार्ड क्रमांक-1 में शिफ्ट किए जाने के विरोध में ग्रामीणों ने दूसरे दिन भी तालाबंदी जारी रखी। एसडीएम, तहसीलदार और परियोजना अधिकारी ने घंटों तक ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन ठोस समाधान न मिलने पर प्रशासनिक दल को खाली हाथ लौटना पड़ा। वार्ड-1 में केंद्र शिफ्ट होने से 2 किमी बढ़ी दूरी ग्रामीणों का आरोप है कि महिला बाल विकास विभाग और पंचायत की मिलीभगत से केंद्र को नियम विरुद्ध तरीके से वार्ड-1 में स्थानांतरित किया गया है। इस बदलाव के कारण सिहरा टोला के छोटे बच्चों को अब 2 किलोमीटर लंबा और असुरक्षित रास्ता तय करना पड़ रहा है। सुरक्षा चिंताओं के कारण अधिकांश बच्चों ने केंद्र जाना बंद कर दिया है, जिससे उनके पोषण और शिक्षा पर असर पड़ रहा है। भवन निर्माण और प्रस्ताव पर विरोधाभासी दावे परियोजना अधिकारी ने एक माह पूर्व निरीक्षण के दौरान सिहरा टोला में चल रहे अस्थायी केंद्र को यह कहकर बंद करा दिया था कि रिकॉर्ड में वहां कोई भवन दर्ज नहीं है। विभाग का दावा है कि नए भवन का प्रस्ताव भोपाल भेजा गया है। वहीं ग्रामीणों का तर्क है कि जब भवन सिहरा टोला के नाम से स्वीकृत होकर वार्ड-1 में बना दिया गया है, तो प्रशासन नए प्रस्ताव का बहाना बनाकर गुमराह कर रहा है। कलेक्टर के आने तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी प्रदर्शनकारियों ने बताया कि जब तक कटनी कलेक्टर स्वयं मौके पर आकर निरीक्षण नहीं करते और लिखित आश्वासन नहीं देते, तब तक ताला नहीं खोला जाएगा। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन ने जबरन धरना समाप्त कराने की कोशिश की, तो आसपास के आदिवासी समुदाय के लोग सड़कों पर उतरकर चक्काजाम करेंगे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *