कपूरथला कोर्ट से हत्या के प्रयास के एक आरोपी को जाली दस्तावेजों के आधार पर जमानत दिलाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में कोर्ट के रीडर की शिकायत पर पुलिस ने नंबरदार सहित तीन लोगों के खिलाफ थाना सदर में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। डीएसपी सब डिवीजन शीतल सिंह ने इसकी पुष्टि की है। जेएमआईसी नवजीत पाल कौर की रीडर मालती तुली ने पुलिस को शिकायत दी। उन्होंने बताया कि वर्ष 2024 के एफआईआर नंबर 206 में हत्या के प्रयास के आरोपी देव दर्शन निवासी मोहल्ला शेरगढ़ की जमानत के लिए कोर्ट में दस्तावेज पेश किए गए थे। ये दस्तावेज नंबरदार मनजीत सिंह निवासी गांव ठीकरीवाल, गवाह प्यारा सिंह निवासी गांव विशनपुर और गवाह दर्शन कुमार निवासी मोहल्ला शेरगढ़ ने पेश किए थे। इन्हीं दस्तावेजों के आधार पर आरोपी को जमानत मिली थी। बाद में जांच के दौरान अदालत में पेश किए गए ये दस्तावेज जाली पाए गए। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर शुरू की जांच इसके बाद थाना सदर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए नंबरदार मनजीत सिंह, गवाह प्यारा सिंह और गवाह दर्शन कुमार के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि कहीं इस घटना के पीछे कोई संगठित गिरोह तो सक्रिय नहीं है। गौरतलब है कि इससे पहले भी जाली दस्तावेजों के आधार पर आरोपियों की जमानत करवाने के कई मामले सामने आ चुके हैं। कुछ माह पहले जिला पुलिस ने ऐसे ही एक गिरोह का भंडाफोड़ किया था, जिसमें कुछ अर्जी नवीस भी शामिल थे। यह गिरोह फर्जी दस्तावेज तैयार कर अदालतों में पेश कर आरोपियों की जमानत करवाता था।
Source link