सीधी जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर विकास मिश्रा ने रामपुर नैकिन स्थित निर्माणाधीन सिविल अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। यह निरीक्षण रविवार सुबह किया गया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने सीधे निर्माण स्थल का दौरा किया और अस्पताल के नक्शे का अवलोकन किया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि भवन का निर्माण स्वीकृत नक्शे और निर्धारित मानकों के अनुसार ही होना चाहिए। किसी भी प्रकार की लापरवाही या मानकों से समझौता स्वीकार्य नहीं होगा। कलेक्टर ने निर्माण में उपयोग की जा रही सामग्री जैसे गिट्टी, सीमेंट और रेत की गुणवत्ता की भी जांच की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी सामग्री तय गुणवत्ता मानकों के अनुरूप ही उपयोग में लाई जाए। उन्होंने कहा कि अस्पताल निर्माण में कोई कमी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने पीआईयू के कार्यपालन यंत्री कौशल परते को विशेष रूप से निर्देशित किया। कलेक्टर ने कहा कि निर्माण कार्य को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा किया जाए और कार्य की गति में तेजी लाई जाए। गुणवत्ता का भी विशेष ध्यान रखा जाए ताकि भविष्य में कोई समस्या न हो। कार्यपालन यंत्री कौशल परते ने बताया कि कलेक्टर के निर्देशों का पालन सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि अधीनस्थ कर्मचारियों को निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
Source link