ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने नागौर रोड स्थित सिटी प्वाइंट पर ‘संगठन बढ़ाओ लोकतंत्र बचाओ’ अभियान के तहत एक बैठक का आयोजन किया। इस दौरान नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रदेश की भाजपा सरकार द्वारा पंचायतीराज एवं नगर निकाय चुनाव न कराए जाने के विरोध में प्रदर्शन किया। वक्ताओं ने राज्य सरकार पर लोकतंत्र और राजस्थान हाईकोर्ट के आदेशों की अवहेलना करने का आरोप लगाते हुए इसे ‘लोकतंत्र की हत्या’ बताया। भाजपा पर लोगों के साथ धोखा करने के आरोप लगाए जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सलीम नागौरी और वरिष्ठ नेता प्रकाश छंगाणी ने मुख्य अतिथि के तौर पर संबोधित किया। उन्होंने कहा- भाजपा सरकार लोकतंत्र को कुचलने का काम कर रही है। पंचायतीराज और नगरीय निकाय के जनप्रतिनिधियों का कार्यकाल पूरा हुए करीब दो साल बीत जाने के बाद भी चुनाव न कराना जनता के अधिकारों के साथ खिलवाड़ है। उन्होंने सरकार द्वारा प्रशासक लगाकर चुनाव टालने को आमजन के साथ धोखा बताया। विधानसभा प्रभारी रूपचंद सोनी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा- पार्टी के लिए समर्पित कार्यकर्ताओं को पूरा सम्मान और महत्वपूर्ण स्थान दिया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि अग्रिम संगठनों व प्रकोष्ठों के जिला अध्यक्षों और पदाधिकारियों की कांग्रेस पार्टी की गतिविधियों में भागीदारी का फीडबैक एआईसीसी व पीसीसी तक पहुंचाया जाएगा। संगठन को मजबूत करने पर हुई चर्चा कार्यक्रम अध्यक्ष एवं ब्लॉक अध्यक्ष इलमदीन मेहर ने संगठनात्मक मजबूती पर जोर देते हुए कहा- गांव, वार्ड और बूथ स्तर तक कांग्रेस कमेटी का विस्तार कर पार्टी को मजबूत करना है, ताकि आने वाले पंचायतीराज एवं नगरीय निकाय चुनाव में कांग्रेस का परचम लहराया जा सके। इस मौके पर प्रधान हाजी उमरदीन, कुंभ सिंह पातावत, मोमराज विश्नोई, श्रीगोपाल व्यास, शिवपाल विश्नोई और अशोक मेघवाल सहित अन्य नेताओं ने भी अपने विचार व्यक्त किए। बैठक में नैनेखान, करनाराम विश्नोई, मोहम्मद अली, नटवरलाल पंवार, अब्दुल मजीद खिलजी, मौलवी कासम, हनुमान गोगली, ओमप्रकाश बिठड़ी, शंकर पालीवाल, रावल माली, कैलाश सुथार, केशुराम विश्नोई, सदीक कोयरी, सदीक खान, मुफ्ती वहाव, जाकिर खिलजी, हैदर खां, अलादीन और प्रकाश सैन सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Source link