बागपत कलेक्ट्रेट में शुक्रवार दोपहर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा का पुतला फूंका। जिला अध्यक्ष लव कश्यप के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री के खिलाफ नारेबाजी की। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने पार्टी के वरिष्ठ नेता मल्लिकार्जुन खरगे के खिलाफ अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल किया है। कार्यकर्ताओं ने कहा कि ऐसी सोच और भाषा का प्रयोग करने वाले व्यक्ति को मुख्यमंत्री पद पर नहीं होना चाहिए। जिला अध्यक्ष लव कश्यप ने बताया कि पार्टी के आह्वान पर प्रत्येक जनपद में कांग्रेस कार्यकर्ता असम के मुख्यमंत्री के खिलाफ धरना प्रदर्शन और पुतला दहन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस अमर्यादित टिप्पणी का घोर विरोध करती है और मुख्यमंत्री पर कार्रवाई की मांग करती है। कश्यप ने भारतीय जनता पार्टी से ऐसे किसी भी व्यक्ति को मुख्यमंत्री पद पर सुशोभित न करने की अपील की जो इस तरह के कृत्य करता है। इस दौरान बागपत कलेक्ट्रेट में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे और भारी पुलिस बल तैनात रहा।
Source link