धौलपुर जिले में कुशवाहा कर्मचारी संघ ने कैंसर पीड़ित एक गरीब परिवार की 2 बेटियों के विवाह के लिए आर्थिक सहायता प्रदान की है। संघ की ‘कन्यादान मुहिम’ के तहत 71,811 रुपए की राशि परिवार को सौंपी गई। इन बेटियों का विवाह 19 अप्रैल को होना है। बसेड़ी उपखंड के गांव आकपुरा निवासी प्रेमसिंह उर्फ पप्पू कुशवाहा लंबे समय से कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे हैं। इस कारण उनके परिवार की आर्थिक स्थिति काफी कमजोर हो गई है। उनकी बेटियों शशी और वर्षा के विवाह की तैयारियों में परिवार को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। आर्थिक मदद देकर पेश की मिसाल
ऐसे में कुशवाहा कर्मचारी संघ ने मदद के लिए हाथ बढ़ाया। संघ ने प्रेमसिंह की बेटियों के विवाह में सहयोग देकर समाज के सामने एक मिसाल पेश की है। यह पहल मानवीय संवेदनाओं का एक प्रेरणादायक उदाहरण है। संघ के जिला अध्यक्ष हेमसिंह कुशवाहा ने इस अवसर पर कहा, “ये बेटियां अब सिर्फ प्रेमसिंह की नहीं, बल्कि पूरे समाज की बेटियां हैं।” मीडिया प्रभारी डीके कुशवाहा ने बताया कि ऐसे प्रयास जरूरतमंद परिवारों को संबल प्रदान करते हैं और समाज में सकारात्मक संदेश देते हैं। उपस्थित सभी लोगों ने इस पहल की सराहना की और दानदाताओं का आभार व्यक्त किया। इस कार्यक्रम में उपाध्यक्ष मोहन सिंह कुशवाहा, ब्लॉक अध्यक्ष अतर सिंह कुशवाहा, कृष्णा कुशवाहा, रामहेत कुशवाहा, देवेंद्र कुशवाहा, दीवान कुशवाहा, प्रमोद कुशवाहा, कोषाध्यक्ष जीतू कुशवाहा, बत्तीलाल कुशवाहा सहित कई समाजसेवी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। सभी ने बेटियों के सुखद वैवाहिक जीवन और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
Source link