गयाजी जिले के कोंच प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित सभागार में शुक्रवार को साप्ताहिक जनता दरबार का आयोजन किया गया। इसकी अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी विपुल भारद्वाज ने की। इस दौरान क्षेत्र के विभिन्न गांवों से आए ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं को लेकर आवेदन सौंपे। जनता दरबार में मुख्य रूप से पेयजल की समस्या गूँजी। केर पंचायत के लोदीपुर गाँव के वार्ड नंबर 9 में नल-जल योजना पूरी तरह बाधित होने का मामला सामने आया। पंचायत समिति प्रतिनिधि सुभाष शर्मा ने लिखित आवेदन देकर बीडीओ को इस समस्या से अवगत कराया। मामले की गंभीरता को देखते हुए बीडीओ विपुल भारद्वाज ने तत्काल संज्ञान लिया। उन्होंने पीएचडी विभाग के जेई सुनील कुमार को निर्देश दिया कि बाधित जलापूर्ति को जल्द से जल्द दुरुस्त कर चालू कराया जाए। जनता दरबार में सामाजिक सुरक्षा पेंशन से जुड़े दो आवेदन भी प्राप्त हुए। बीडीओ ने संबंधित कर्मियों को त्वरित कार्रवाई का निर्देश दिया, जिसके बाद दोनों आवेदनों का तत्काल निष्पादन कर दिया गया। इस अवसर पर बीडीओ ने कहा कि जनता दरबार का उद्देश्य लोगों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर त्वरित समाधान करना है। उन्होंने चेतावनी दी कि लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों या योजनाओं में कोताही बरतने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। जनता दरबार के दौरान प्रखंड के कई कर्मी और विभिन्न पंचायतों से आए ग्रामीण उपस्थित रहे।
Source link