कौशांबी में करारी क्षेत्र के हकीमपुर गांव में 8 अप्रैल को एक विवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे पर लटका मिला था। इस मामले में दहेज हत्या के आरोपी पति और सास को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मृतका की पहचान प्रियंका यादव (22) के रूप में हुई है। संदीपन घाट क्षेत्र के सिकंदरपुर बजहा निवासी शिव चंद्र यादव ने अपनी बेटी प्रियंका की शादी दो साल पहले करारी के हकीमपुर गांव में धारा सिंह पुत्र देवराज यादव से की थी। प्रियंका के पिता शिव चंद्र यादव ने बताया कि शादी में पूरा दहेज दिया गया था, लेकिन दामाद धारा सिंह और उसकी मां अतिरिक्त दहेज की मांग कर रहे थे। प्रियंका ने मायके आकर कई बार बताया था कि ससुराल वाले पांच लाख रुपये नकद मांग रहे हैं। आरोप है कि जब प्रियंका ने मायके से अतिरिक्त दहेज लाने में असमर्थता जताई, तो उसके साथ मारपीट की गई। इसके बाद बुधवार सुबह प्रियंका का शव घर के भीतर फंदे पर संदिग्ध दशा में लटका मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया प्रियंका के पिता ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी की हत्या करने के बाद शव को फंदे से लटकाया गया था। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। शिव चंद्र की तहरीर पर पुलिस ने पति धारा सिंह और उसकी मां शितली देवी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। इस मामले में फरार चल रहे पति धारा सिंह और सास शितली देवी को करारी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। एएसपी कौशांबी राजेश कुमार सिंह ने बताया कि दहेज हत्या के आरोपी पति और सास को विधिक कार्यवाही के बाद जेल भेज दिया गया है।
Source link