खगड़िया में गैस सप्लाई सामान्य बताई:डीएम ने समीक्षा बैठक की, कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी, अफवाहों से दूर रहने की अपील




खगड़िया जिले में एलपीजी गैस की उपलब्धता और आपूर्ति को लेकर आज एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी नवीन कुमार ने बैठक की अध्यक्षता की, जिसमें जिला आपूर्ति पदाधिकारी विजयंत ने तेल कंपनियों के प्रबंधकों और गैस वितरकों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से विस्तृत समीक्षा की। बैठक में इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम के क्षेत्रीय अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि खगड़िया जिले में एलपीजी गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और किसी भी प्रकार की कमी नहीं है। जिलाधिकारी नवीन कुमार ने जिले की सभी 30 गैस एजेंसियों के नोडल अधिकारियों से वर्तमान स्टॉक, दैनिक मांग और आपूर्ति की स्थिति की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने सख्त निर्देश दिए कि किसी भी स्तर पर कालाबाजारी, अनियमितता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऐसी स्थिति में संबंधित एजेंसी और उसके नोडल अधिकारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। गैस की कमी संबंधी भ्रामक अफवाहें फैलाई जा रही
वहीं, जिला आपूर्ति पदाधिकारी विजयंत ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों को लेकर सोशल मीडिया पर गैस की कमी संबंधी भ्रामक अफवाहें फैलाई जा रही हैं, जिससे आम लोगों में अनावश्यक भय का माहौल बन रहा है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे इन अफवाहों पर ध्यान न दें और बेवजह गैस सिलेंडर की अतिरिक्त बुकिंग या जमाखोरी से बचें। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि गैस की जमाखोरी, कालाबाजारी या अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 और एलपीजी (विनियमन) आदेश, 2000 के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश
आने वाले समय में संभावित बढ़ती मांग को देखते हुए जिलाधिकारी ने विशेष तैयारी के निर्देश दिए। 15 अप्रैल से शुरू होने वाले विवाह (लगन) सीजन और 1 अप्रैल से स्कूल खुलने के कारण घरेलू व व्यावसायिक गैस की मांग बढ़ने की संभावना है। इसे ध्यान में रखते हुए अग्रिम आकलन और पर्याप्त स्टॉक सुनिश्चित करने को कहा गया। गैस एजेंसियों को उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध कराने और वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए गए। पारदर्शिता बनाए रखें और किसी भी समस्या की सूचना तुरंत जिला प्रशासन को दें। साथ ही एलपीजी गोदामों, वितरण केंद्रों और संदिग्ध स्थानों पर नियमित जांच और छापेमारी के निर्देश भी दिए गए हैं। एलपीजी गैस की आपूर्ति पूरी तरह सुचारु
जिले में शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए जिला नियंत्रण कक्ष सक्रिय है। अब तक 363 शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिनमें से 215 का निपटारा किया जा चुका है, जबकि शेष शिकायतों का समाधान 3 से 4 दिनों के भीतर करने की प्रक्रिया जारी है। प्रशासन ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे संयम बनाए रखें, अफवाहों से दूर रहें और प्रशासन का सहयोग करें। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि जिले में एलपीजी गैस की आपूर्ति पूरी तरह सुचारु है और किसी भी प्रकार की घबराहट की आवश्यकता नहीं है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *