टोंक में वन विभाग की टीम पर खनन माफिया द्वारा हमला करने का मामला सामने आया है। घटना में 5 वनकर्मी घायल हुए है। हमलवार जब्त किया हुआ ट्रैक्टर-ट्रॉली भी छुड़वाकर ले गए। आरोपियों ने विभाग की गाड़ी के शीशे भी तोड़ दिए। वनपाल ने निवाई थाने में मामला दर्ज कराया है। घटना थाना क्षेत्र में रक्तांचल पर्वत के पीछे बुधवार दोपहर को हुई। अवैध पत्थरों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़ी थी थानाधिकारी घासीराम मीणा ने बताया- सहायक वनपाल जगदीश गुर्जर के नेतृत्व में गश्ती दल सरकारी वाहन से गश्त कर रहा था। इसी दौरान उन्हें अवैध पत्थरों से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली दिखाई दी। गश्ती दल को देखकर ट्रैक्टर ड्राइवर ट्रैक्टर-ट्रॉली छोड़कर फरार हो गया। जब गश्ती दल ट्रैक्टर-ट्रॉली को निवाई रेंज लेकर आ रहा था, तभी बिना नंबर की बाइक पर श्योसिंहपुरा सीदड़ा निवासी बाबू और रमेश समेत 7-8 लोग आए और झगड़ा करने लगे। आरोपियों ने मोबाइल बंद करवा दिया और हमला कर दिया। हमलावर ट्रैक्टर ट्रैक्टर-ट्रॉली को छुड़ाकर ले गए। वन विभाग के ये कर्मचारी हुए घायल हमले में सहायक वनपाल नरेंद्र सिंह राठौड़, विनोद चौधरी, कल्पना राजावत, वन रक्षक बर्मा चौधरी और वाहन चालक मोहम्मद यूसुफ घायल हुए हैं। राजकार्य में बाधा, मारपीट, हमला करने समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
Source link