मप्र के सहकारिता एवं खेल मंत्री विश्वास सारंग रविवार रात को अल्प प्रवास पर नर्मदापुरम पहुंचे। खेल मंत्री ने दादा कुटी पहुंचकर वहां पूजन की। फिर उन्होंने एक अत्याधुनिक खेल परिसर (Multisports Turf Cafe) का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में खेल मंत्री सारंग ने हर व्यक्ति के लिए खेल के महत्व को बताया। उन्होंने कहा मैंने एक किताब में पढ़ा था कि शिकागो सम्मेलन से लौटकर आने के बाद विवेकानंद जी के पास कुछ युवा पहुंचे और बोले कि हम चाहते है कि आपके जैसे मार्ग पर चले, भगवा पहन संन्यास लेना चाहते है। सनातन का परचम लहराकर देश को विश्व का सर्वश्रेष्ठ राष्ट्र बनाएं। विवेकानंद मुस्कुराएं बोले कि भारत देश को बड़ा बनाना चाहते हो तो उसके लिए भगवा धारण, संन्यास लेने की जरूरत नहीं, वो सामने फुटबॉल का मैदान पड़ा है। वहां जाओ, खेलों, अपने शरीर, मन, मस्तिष्क को ठीक करो। इस देश का नागरिक, युवा शारीरिक, मानसिक रूप से सुदृढ़ होगा, तभी यह भारत बड़ा देश बनेगा। खेल मंत्री ने कहा खेल किसी व्यक्ति को समाज के सुव्यवस्थित नागरिक बनाने की एक प्रक्रिया है। हर एक व्यक्ति, समाज का हर एक अंग खेल से जुड़े। हिंदुस्तान को हिट करना है तो फिट करना होगा। फिटनेस के दौर में आज हम सभी तेज गति से आगे बढ़े। यही हमारा संकल्प होना चाहिए़। खेल मंत्री ने लोकार्पण के साथ ही बैटिंग भी की। इस दौरान सांसद दर्शन सिंह चौधरी, विधायक विजयपाल सिंह, आचार्य पंडित सोमेश परसाई, आध्यात्मिक गुरु सांई बल्लभदास, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रीति शुक्ला, नगर पालिका अध्यक्ष नीतू महेंद्र यादव, पूर्व विधायक सविता दीवान, जनपद अध्यक्ष, भूपेन्द्र चौंकाने सहित अन्य उपस्थित रहे।
Source link