गयाजी के इमामगंज प्रखंड के भिड गांव में देर रात उत्पाद विभाग की छापेमारी के दौरान हंगामा हो गया। कार्रवाई के बीच हालात ऐसे बिगड़े कि पत्थरबाजी तक शुरू हो गई। विभाग की भागती गाड़ी की चपेट में एक युवक आ गया। जोरदार धक्का लगने की वजह से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के अनुसार उत्पाद विभाग की टीम अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई के लिए भिडा गांव पहुंची थी। छापेमारी के दौरान टीम ने तीन लोगों को हिरासत में लिया। इसी बीच गांव के लोग मौके पर जुटने लगे और विरोध शुरू हो गया। देखते ही देखते माहौल गरमा गया और कुछ लोगों ने पत्थरबाजी शुरू कर दी। हंगामे का फायदा उठाकर हिरासत में लिए गए तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए। स्थिति बिगड़ते देख उत्पाद विभाग की टीम जान बचाकर मौके से अपनी गाड़ी लेकर तेजी से वहां से भागने लगी। इसी दौरान गांव के ही दिलशाद कुरैशी (पिता – बुधई कुरैशी, निवासी – कुजेसर) गाड़ी की चपेट में आ गए। युवक को तुरंत इमामगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया स्थानीय लोगों ने घायल युवक को तुरंत इमामगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां प्राथमिक इलाज के बाद हालत गंभीर देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए गया रेफर कर दिया गया। घटना से नाराज ग्रामीणों में काफी आक्रोश है। घायल हुए युवक के फूफा रोशन कुरैशी ने बताया कि दिलशाद सड़क के उस पार खड़ा था। जबकि मैं इस तरह खड़ा था। तभी बेलगाम गति से आ रहे उत्पाद विभाग की गाड़ी ने दिलशाद को जबरदस्त टक्कर मार दी। टक्कर की आवाज से हमें ऐसा लगा कि उत्पाद विभाग की गाड़ी पलट गई। लेकिन देखा कि मौके पर मेरा भतीजा दिलशाद ही जख्मी पड़ा है। रोशन कुरैशी ने बताया कि उत्पाद की गाड़ी की लाइट ऑफ थी। इमामगंज थाने के थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि हमें इस बात की जानकारी नहीं है। लेकिन जब उन्हें यह कहा गया कि बड़ी संख्या में ग्रामीण थाने के बाहर खड़े हैं और आप कह रहे हैं कि इस बात की जानकारी नहीं है। खुद को फंसता देख उन्होंने कहा कि अभी जस्ट हम क्राइम मीटिंग से आए हैं। फ्रेश हो रहे है।
Source link