जबलपुर में शुक्रवार देर रात प्रेम प्रसंग को लेकर दो युवकों के बीच हुए विवाद में नाबालिग की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटना मदनमहल क्षेत्र में रात करीब 11:30 बजे हुई। वारदात में दो युवक घायल हुए हैं, जिनका मेडिकल कॉलेज में इलाज जारी है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है। ब्रेकअप के बाद भी लड़का मिलने की कोशिश करता रहा घमापुर के लाल मिट्टी क्षेत्र में रहने वाले 22 साल के क्रिश कुमार का 20 वर्षीय युवती से प्रेम प्रसंग था। करीब दो साल तक चले इस रिश्ते में कुछ दिन पहले दोनों के बीच विवाद हो गया, जिसके बाद उनका ब्रेकअप हो गया। इस बीच करीब एक साल पहले युवती की सोशल मीडिया के जरिए बेदी नगर के रहने वाले यशराज से दोस्ती हो गई। दोनों अक्सर मिलने भी लगे। जब क्रिश को पता चला कि उसकी एक्स गर्लफ्रेंड किसी और से बात कर रही है, तो उसने युवती से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन युवती ने बात करने से इनकार कर दिया। युवती ने बॉयफ्रेंड को बताया एक्स परेशान कर रहा शुक्रवार शाम लाल मिट्टी क्षेत्र के लोग जवारे विसर्जन के लिए गौरीघाट पहुंचे थे, जिनके साथ युवती भी आई थी। क्रिश को जब इसकी जानकारी मिली तो वह भी बाइक से वहां पहुंच गया। गौरीघाट पर उसने युवती से बात करने की कोशिश की, लेकिन युवती ने साफ कह दिया कि अब उसका उससे कोई रिश्ता नहीं है। इसके बाद दोनों के बीच बहस हुई। युवती ने अपने बॉयफ्रेंड यशराज को फोन कर बताया कि क्रिश उसे परेशान कर रहा है। दोनों लड़को की फोन पर हुई बहस, फिर हुए आमने- सामने युवती से जानकारी मिलने के बाद रात करीब 8 बजे यशराज ने क्रिश को फोन किया और उसे दोबारा परेशान न करने की चेतावनी दी। फोन पर यशराज ने क्रिश कुमार से कहा, “वो पहले तेरी गर्लफ्रेंड थी, अब तेरा उससे कोई रिश्ता नहीं है। वो अब मेरी गर्लफ्रेंड है, तूने दोबारा उसे परेशान किया तो ठीक नहीं होगा।” इस पर क्रिश ने जवाब दिया, “तू कौन होता है यह बोलने वाला कि वो किसकी गर्लफ्रेंड है। तू अपने काम से काम रख और मुझे मत बता कि मुझे क्या करना है।” इसके बाद दोनों के बीच बहस बढ़ गई और आमने-सामने मिलने की बात तय हो गई। बीच-बचाव में आए नाबालिग पर चाकू से हमला रात करीब साढ़े 11 बजे क्रिश कुमार अपने साथियों अंकित गुप्ता, ऋषभ, रितिक सहित अन्य दोस्तों के साथ मदनमहल स्थित दशमेश द्वार पहुंचा। यहां पहले से यशराज अपने साथियों अंशराज और युवराज के साथ मौजूद था। विवाद के दौरान 17 वर्षीय ऋषभ बीच-बचाव के लिए आगे आया। इसी दौरान झगड़ा बढ़ गया और यशराज पक्ष के लोगों ने ऋषभ को घेरकर उस पर चाकू से हमला कर दिया। मेडिकल कॉलेज में हुई ऋषभ की मौत गंभीर रूप से घायल ऋषभ को पहले निजी अस्पताल और फिर मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना में अंशराज सहित दो युवक घायल हुए हैं, जिनका इलाज जारी है। दो आरोपी गिरफ्तार, चार अभी फरार मामले में दोनों पक्षों को आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर यशराज और अंशराज को गिरफ्तार किया है, जबकि क्रिश समेत अन्य आरोपी फरार हैं। उनकी तलाश की जा रही है। ऋषभ 10वीं का छात्र, दोस्त के साथ गया था पुलिस के अनुसार मृतक ऋषभ 10वीं कक्षा का छात्र था और वह क्रिश कुमार के साथ मौके पर गया था। सीएसपी आशीष जैन के अनुसार पूरा मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा है। दोनों पक्षों के विवाद में नाबालिग की हत्या हुई है। जांच जारी है।
Source link