गृह, गोपालन, पशुपालन, डेयरी तथा मत्स्य विभाग के राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म रविवार को डीग जिले के जनूथर पहुंचे। उन्होंने बृजनगर विधानसभा क्षेत्र में सैनी समाज विकास समिति की ओर से आयोजित महात्मा ज्योतिबा फुले जयंती समारोह में भाग लिया।
इस अवसर पर मंत्री बेढ़म ने भव्य शोभायात्रा का अवलोकन किया। उन्होंने समाज की प्रतिभाओं को सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री बेढ़म ने जनूथर में समाज की जागरूकता, अभूतपूर्व एकजुटता और प्रगतिशील दृष्टिकोण की सराहना की। उन्होंने कहा कि किसी भी समाज की वास्तविक उन्नति उसके नागरिकों की वैचारिक चेतना और संगठन शक्ति पर निर्भर करती है। ‘युवा पीढ़ी के प्रोत्साहन के लिए एक महत्वपूर्ण कदम’
उन्होंने सैनी समाज की ओर से आयोजित इस प्रतिभा सम्मान समारोह को युवा पीढ़ी के प्रोत्साहन के लिए एक महत्वपूर्ण कदम बताया। बेढ़म ने कहा कि महात्मा ज्योतिबा फुले का जीवन सामाजिक परिवर्तन की प्रेरणा है, जिसने उपेक्षित वर्गों के जीवन में आशा का संचार किया।
महात्मा फुले ने विषम परिस्थितियों में भी शिक्षा को एक अधिकार के रूप में स्थापित करने का क्रांतिकारी कार्य किया। यही कार्य आज हमारे आधुनिक विकास और लोकतांत्रिक मूल्यों का आधार है। उन्होंने वंचित वर्गों को मुख्यधारा में लाने के लिए फुले जी द्वारा जलाए गए शिक्षा के दीप को सही दिशा दिखाने वाला बताया। इस दौरान मंत्री बेढ़म ने शैक्षणिक और अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों और व्यक्तियों को सम्मानित किया। उन्होंने प्रतिभाओं से शिक्षा को केवल आजीविका का साधन नहीं बनाकर समाज सेवा और राष्ट्र निर्माण का माध्यम बनाने का आह्वान किया। मंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि महात्मा फुले के सेवा, संघर्ष और समर्पण के आदर्श आने वाली पीढ़ियों का मार्गदर्शन करते रहेंगे।
इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, समिति के पदाधिकारी एवं भारी संख्या में समाज के प्रबुद्धजन एवं ग्रामीण मौजूद रहे।
Source link