गोरखपुर के गोरखनाथ इलाके में एक मिठाई की दुकान में शराब और बीयर बेची जा रही थी। इस शिकायत पर गोरखनाथ पुलिस ने बुधवार की रात मिठाई की दुकान पर छापा मारा। इस दौरान फ्रीजर में 20 केन बीयर और 2 बोतल शराब मिली। इस दौरान दुकानदार ऋषभ गुप्ता को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। गोरखनाथ थाने के उप निरीक्षक अनूप कुमार तिवारी की तहरीर पर आबकारी एक्ट में गुरुवार को मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने बीयर और शराब की बोतलें जब्त कर ली हैं। पुलिस अब मामले की जांच पड़ताल कर रही है। अब जानिए पूरा मामला
गोरखनाथ थाने के उप निरीक्षक अनूप कुमार तिवारी ने बताया कि गोरखनाथ थाना क्षेत्र के धर्मशाला बाजार में कृष्णा स्वीट नाम से पुरानी दुकान है। बुधवार की देर रात पुलिस को सूचना मिली कि यहां अवैध रूप से बीयर और शराब बेची जा रही है। इस सूचना पर देर रात करीब 12:30 बजे दुकान पर पुलिस टीम के साथ पहुंचा। दुकान के अंदर जाकर फ्रीजर खुलवाया तो देखा, उसमे बीयर की 20 केन और 2 बोतल अंग्रेजी शराब की मिली। दुकानदार से कागजात मांगा गया तो वह नहीं दे पाया। दुकानदार ऋषभ गुप्ता अपनी गलती मानते हुए माफी मांगने लगा। दुकान के फ्रीजर में मिले 20 केन बीयर में 8 केन गॉड फादर, 4 केन किंग फ्रिशर, 5 केन कल्सवर्ग और 2 केन बडवाइजर, 1 केन ट्यूवर्ग की थी। दुकानदार ऋषभ गुप्ता से पूछताछ के बाद निजी मुचलके में उन्हें छोड़ दिया गया। सूत्रों की मानें तो धर्मशाला बाजार में कई जगहों पर रात के समय अवैध रूप से शराब बेची जाती है। पहले भी यहां कई अवैध शराब बेचने वाले तस्कर गिरफ्तार किए जा चुके हैं।
Source link