गोल्डन टेंपल में रात की हल्की बारिश ने रचा अलौकिक-दृश्य:सरोवर में झलकी सुनहरी आभा, गूंजी गुरबाणी, छाया अद्भुत आध्यात्मिक सुकून




अमृतसर के पावन धाम गोल्डन टेंपल में बीती रात हुई हल्की बारिश ने एक अलौकिक दृश्य प्रस्तुत कर दिया। जैसे ही बारिश की बूंदें गोल्डन टेंपल के सरोवर पर गिरने लगीं, पूरा वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से भर उठा। गोल्डन टेंपल की सुनहरी आभा पानी में प्रतिबिंबित होकर और भी मनमोहक लग रही थी। रात के सन्नाटे में गिरती बारिश की बूंदों के साथ गुरुबाणी की मधुर ध्वनि गूंज रही थी, जिसने वहां उपस्थित संगतों के मन को शांति और भक्ति से भर दिया। श्रद्धालु इस अद्भुत नजारे को देखकर भाव-विभोर हो उठे। कुछ संगत छत के नीचे बैठकर इस दृश्य का आनंद ले रहे थे, तो कुछ बारिश में भीगते हुए गुरु घर के प्रति अपनी आस्था प्रकट कर रहे थे। बारिश की बूंदें जब सरोवर के शांत जल पर गिरतीं, तो लहरों के साथ रोशनी का अद्भुत खेल देखने को मिलता।संगत का कहना था ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो प्रकृति स्वयं गुरु घर की महिमा का गुणगान कर रही हो। इस अलौकिक दृश्य ने हर किसी के दिल में एक अलग ही सुकून और श्रद्धा का भाव जागृत कर दिया। संगतों ने इस पल को अपने कैमरों में कैद किया, यह दृश्य न केवल आंखों को सुकून देने वाला था, बल्कि आत्मा को भी गहराई से छूने वाला अनुभव बन गया। इस तरह, अमृतसर के गोल्डन टेंपल में बारिश की यह रात हर श्रद्धालु के लिए एक यादगार और दिव्य अनुभव बन गई।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *