चंदौली जिले के सैयदराजा थाना पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई में 12 गोवंश बरामद किए हैं। ये गोवंश एक पिकअप वाहन में ले जाए जा रहे थे। पुलिस ने मौके से एक तस्कर को भी गिरफ्तार किया है, जो गोवंश को वध के लिए पश्चिम बंगाल ले जाने की फिराक में था। यह घटना जेठमलपुर तिराहे के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुई। सैयदराजा थानाध्यक्ष अशोक मिश्रा अपनी टीम के साथ स्थानीय कस्बे में संदिग्ध लोगों और वाहनों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि एक तस्कर गोवंश की खेप लेकर हाइवे से बिहार राज्य की ओर जाने वाला है। सूचना पर सक्रियता दिखाते हुए पुलिस टीम ने हाइवे पर जेठमलपुर तिराहे के समीप वाहनों की जांच शुरू कर दी। जांच के दौरान चंदौली की तरफ से आ रहे एक मालवाहक पिकअप वाहन को रोका गया। तलाशी लेने पर वाहन में 12 गोवंश लदे पाए गए। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए वाहन में बैठे चालक को हिरासत में ले लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मध्य प्रदेश राज्य के मऊगंज जिले के शाहपुर थानाक्षेत्र के चोरिगवां गांव निवासी गब्बर खान के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह वध के लिए गोवंश बेचने पर अच्छा मुनाफा कमाता है और काफी समय से इस तस्करी में लिप्त है। पुलिस टीम अब आरोपी से पूछताछ कर उसके पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है। इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्र के साथ मो. नसीरुद्दीन हुमायूं, बृजेश चौहान, शंकर प्रसाद और राजू सिंह भी शामिल रहे।
Source link