चंदौली: 400 ग्राम हेरोइन के साथ दो तस्कर गिरफ्तार:अंतरराष्ट्रीय बाजार में 50 लाख रुपए कीमत, बाराबंकी के निवासी




पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर मुगलसराय अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मुगलसराय पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने पड़ाव चौराहे के पास से 400 ग्राम अवैध हेरोइन के साथ बाराबंकी निवासी दो तस्करों को गिरफ्तार किया। बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 50 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध व्यक्ति पड़ाव चौराहे के पास हेरोइन की खेप लेकर आने वाले हैं। इस सूचना पर मुगलसराय थाना पुलिस ने घेराबंदी की। तलाशी के दौरान, संदिग्धों के पास से सब्जी के झोले में सब्जियों के नीचे छिपाकर रखी गई 400 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान गंगाराम वर्मा पुत्र स्व. सूरज लाल और नीरज वर्मा पुत्र राम प्रसाद वर्मा के रूप में हुई है। ये दोनों बाराबंकी जिले के मसौली थाना क्षेत्र के ग्राम नेउला के निवासी हैं। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे किसी अज्ञात व्यक्ति के कहने पर बाराबंकी से यह हेरोइन लेकर आए थे। उन्हें यह खेप पड़ाव चौराहे पर किसी अन्य व्यक्ति को सौंपनी थी। पुलिस अब इस पूरे तस्करी नेटवर्क की गहनता से जांच कर रही है ताकि इसके पीछे के बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया जा सके। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ थाना मुगलसराय में मु0अ0सं0 165/2026 धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने 400 ग्राम अवैध हेरोइन के अलावा दो रियलमी मोबाइल फोन, 240 रुपये नकद और एक सब्जी का झोला व सब्जियां भी बरामद की हैं। पुलिस ने यह भी बताया कि गिरफ्तार आरोपी गंगाराम वर्मा का आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ पहले भी एनडीपीएस एक्ट और गैंगस्टर एक्ट के तहत कई मुकदमे दर्ज हैं। यह कार्रवाई अपर पुलिस महानिदेशक वाराणसी जोन पीयूष मोर्डिया और पुलिस अधीक्षक चंदौली आकाश पटेल के निर्देशन में की गई।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *