अशोकनगर शहर के कोलूआ रोड स्थित कुडी घाट के पास के वेयरहाउस पर चना-मसूर की समर्थन मूल्य पर तुलाई न होने से नाराज किसानों ने शुक्रवार को सड़क जाम कर दिया। किसानों ने स्लॉट बुक होने के बावजूद अपनी फसल की तौल न होने पर विरोध प्रदर्शन किया। किसानों का कहना था कि उन्हें आज (10 अप्रैल) फसल की तौल कराने का मैसेज मिला था। हालांकि, जब वे केंद्र पर पहुंचे, तो उन्हें बताया गया कि जिन लोगों के आज के नंबर हैं, उनकी तौल मंगलवार को की जाएगी। इसी बात से नाराज होकर किसानों ने ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क पर रखकर चक्का जाम कर दिया। सूचना मिलते ही कलेक्टर साकेत मालवीय मौके पर पहुंचे और किसानों से बातचीत की। कहा- छुट्टी के दिन भी की जाएगी तौल
कलेक्टर ने किसानों को आश्वासन दिया कि उनकी फसल की तौल आज से ही शुरू होगी। उन्होंने यह भी कहा कि जिन किसानों के आज के नंबर हैं, उनकी उपज की तौल छुट्टी के दिन भी की जाएगी। कलेक्टर ने किसानों की सभी समस्याएं सुनीं और मौके पर ही कहा कि प्रशासन उनके साथ है और तौल का काम करवाया जाएगा। इसके बाद तत्काल ही तोल भी शुरू हो गई थी। इसके बाद थाना प्रभारी ने मौके पर पहुंचकर सड़क से यातायात सुगम करवाया। प्रशासनिक अधिकारी भी वेयरहाउस पर मौजूद रहे।
Source link