छतरपुर जिले के मातगुवां थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम परा के पास शनिवार शाम एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज़ रफ्तार कार ने बाइक सवार युवक को सामने से टक्कर मार दी, जिससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। जानकारी के अनुसार ग्राम परा निवासी उत्तम सिंह परमार का 28 वर्षीय पुत्र इंद्रपाल सिंह शनिवार शाम करीब 5 से 6 बजे के बीच अपने घर से खेत की ओर बाइक से जा रहा था। इसी दौरान ईशानगर मार्ग पर सामने से आ रही एक तेज़ रफ्तार कार ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि इंद्रपाल सिंह सड़क पर गिरकर लहूलुहान हो गया और मौके पर ही बेहोश हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से पहुंचाया अस्पताल
घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तुरंत ई-रिक्शा के माध्यम से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल की इमरजेंसी में मौजूद डॉक्टरों ने युवक की हालत गंभीर देखते हुए उसे तत्काल ऑपरेशन थियेटर में शिफ्ट किया और इलाज शुरू किया। डॉक्टरों के अनुसार युवक के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं। फिलहाल उसे ट्रॉमा वार्ड में भर्ती कर इलाज जारी है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। चिकित्सकों की टीम लगातार उसकी निगरानी कर रही है। वहीं, हादसे के बाद फरार कार चालक की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि आरोपी वाहन और चालक की पहचान की जा सके। ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग पर तेज़ रफ्तार वाहनों का आवागमन लगातार बढ़ रहा है, जिससे आए दिन हादसे हो रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से सड़क पर सख्ती और सुरक्षा उपाय बढ़ाने की मांग की है। घटना के बाद की दो तस्वीरें
Source link