लुधियाना जिले में जगराओं के कोठे बगु गांव में एक युवक ने जहरीली दवा पीकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान ज्वाला सिंह के रूप में हुई है। वह अपनी पत्नी से अलग रह रहा था। आत्महत्या से पहले उसने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा कर पत्नी और कुछ लोगों को अपनी मौत के लिए जिम्मेदार ठहराया था। जानकारी के अनुसार, ज्वाला सिंह ने लगभग 3 साल पहले प्रेम विवाह किया था। वैवाहिक जीवन में अनबन के कारण करीब 3 महीने पहले पंचायत के माध्यम से दोनों के बीच समझौता कराया गया था। इसके बाद दोनों अलग-अलग रहने लगे थे और पंचायत स्तर पर ही आपसी सहमति से अलग होने का फैसला भी कर लिया था। ज्वाला सिंह अपनी पत्नी के घर के बाहर पहुंचा। उसने अपनी पत्नी को संबोधित करते हुए कहा कि वह अब उसे आजाद कर रहा है और वह अपनी जिंदगी जीने के लिए स्वतंत्र है। इसके बाद उसने वहीं जहरीली दवा निगल ली। इस घटना से पहले, उसने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट भी साझा की थी। इसमें उसने अपनी पत्नी सहित कुछ अन्य लोगों का नाम लेते हुए उन्हें अपनी आत्महत्या के लिए जिम्मेदार ठहराया था। इलाज के दौरान तोड़ा दम घटना की सूचना मिलते ही परिजन उसे तुरंत जगराओं के सरकारी अस्पताल ले गए। हालत गंभीर होने के कारण उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां मंगलवार दोपहर इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक का शव मंगलवार देर शाम सिविल अस्पताल जगराओं में रखवाया गया है। बुधवार को उसका पोस्टमार्टम किया जाएगा। परिवार ने ज्वाला सिंह की मौत के लिए जिम्मेदार लोगों, जिनमें उसकी पत्नी भी शामिल है, के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पत्नी ने पहले ही पुलिस को दी थी शिकायत जानकारी के अनुसार गांव कोठे बग्गू में ज्वाला सिंह और उसकी पत्नी के घर आमने-सामने ही हैं। करीब 3 वर्ष पहले दोनों ने प्रेम विवाह किया था, लेकिन आपसी विवाद के चलते 3 महीने पहले पंचायत द्वारा लिखित तौर पर दोनों को अलग रहने का फैसला करवाया गया था। गांव वालों के अनुसार ज्वाला सिंह ट्रक ड्राइवर था और पति-पत्नी के बीच लंबे समय से अनबन चल रही थी। पुलिस सूत्रों के मुताबिक ज्वाला सिंह की पत्नी ने पहले ही पुलिस को शिकायत दी थी कि उसका पति उसे आत्महत्या करने की धमकी दे रहा है और उसने इस मामले में कानूनी कार्रवाई की मांग की थी। गांव के लोगों के अनुसार जब ज्वाला सिंह ने जहर निगल लिया और घर के आगे गिर गया तो एक राहगीर ने 112 नंबर पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी।
Source link