जयपुर में महज कुछ ही घंटों में 4 चेन स्नेचिंग की वारदात कर भागे बदमाश तक गुरुवार सुबह पुलिस जा पहुंची। पुलिस ने होटल में दबिश देकर उसमें छिपे एक चेन स्नेचर को अरेस्ट किया है। पुलिस टीमें उसके फरार साथी की तलाश में दबिश दे रही है। नाकाबंदी के दौरान ट्रैफिक पुलिस से झड़प होने पर दोनों बदमाश बाइक छोड़कर पैदल भाग निकले थे। पुलिस के मुताबिक, चेन स्नेचिंग के मामले में बदमाश पुष्पेंद्र गुर्जर निवासी वैर भरतपुर को अरेस्ट किया गया है। उसके फरार साथी भरतपुर के वैर निवासी संजय गुर्जर की तलाश में पुलिस टीमें दबिश दे रही है। जयपुर शहर में महज कुछ घंटों में अपाचे बाइक पर दोनों बदमाशों ने चार चेन स्नेचिंग की वारदात को अंजाम दिया था। वारदात के बाद सफेद कलर की अपाचे बाइक से भागते समय वैशाली नगर इलाके में नाकाबंदी के दौरान दोनों बदमाशों की ट्रैफिक पुलिस से झड़प हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई, लेकिन दोनों बदमाश मौके पर बाइक छोड़कर भाग निकले। पुलिस ने तुरंत CCTV फुटेज व बाइक के चेचिस नंबर के आधार पर जांच शुरू की। चेन स्नेचरों को तलाशते हुए पहुंची पुलिस टीम ने एक होटल में दबिश दी। पुलिस ने चेन स्नेचर पुष्पेंद्र को पकड़ा, लेकिन उसका साथी संजय फरार हो गया।
Source link