जालंधर के कमल बिहार इलाके में एक व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान कमल बिहार निवासी जोगिंदर पाल के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों ने सिर पर चोट के निशान और शव के पास खून पड़े होने की शिकायत पुलिस को दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया है। कमल बिहार निवासी साहिल ने बताया कि जोगिंदर की मौत पिछली रात हुई थी और उन्हें सुबह इसकी जानकारी मिली। जब वे मृतक के घर गए, तो उन्होंने शव के पास खून और सिर पर चोट के निशान देखे। साहिल के अनुसार, जब उन्होंने परिवार के सदस्यों से मौत के कारणों के बारे में बात करने की कोशिश की, तो उन्हें घर से बाहर निकाल दिया गया। इसके बाद किसी स्थानीय व्यक्ति ने पुलिस को सूचना दी। थाना बस्ती बावा खेल के जांच अधिकारी युवराज सिंह ने बताया कि उन्हें कंट्रोल रूम के माध्यम से स्थानीय निवासियों से सूचना मिली थी, जिसके बाद वे मौके पर पहुंचे। युवराज सिंह के अनुसार, प्राथमिक जांच में मौत स्वाभाविक प्रतीत हो रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया है और मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा।
Source link