झालावाड़ में पर्यटन स्थलों का जल्द जीर्णोद्धार होगा। इसके लिए जिला कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ ने जल्द कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए है। मिनी सचिवालय सभागार में हुई समीक्षा बैठक में श्यामा प्रसाद मुखर्जी योजना के तहत पर्यटन स्थलों के जीर्णोद्धार के लिए प्रस्तुत प्रस्तावों पर चर्चा हुई। इस संबंध में कलेक्टर ने मुख्य कार्यकारी अधिकारी, जिला परिषद को प्रस्तावित कार्यों के लिए कार्ययोजना तैयार कर शीघ्र क्रियान्वयन करने के निर्देश दिए, जिससे जिले के पर्यटन स्थलों का विकास हो सके। बिजली-पानी की व्यवस्थाओं पर भी हुई चर्चा
इस दौरान ग्रीष्मकाल के मद्देनजर पेयजल और विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने, सम्पर्क पोर्टल के प्रकरणों में पारदर्शिता बढ़ाने और बजट घोषणाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्रीष्मकाल को देखते हुए पेयजल और सिंचाई के लिए पानी की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने विद्युत आपूर्ति में भी किसी प्रकार की बाधा नहीं आने देने के निर्देश दिए, ताकि आमजन को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। योजनाओं की प्रगति में तेजी लाने के निर्देश
विभिन्न फ्लैगशिप योजनाओं की प्रगति की विस्तारपूर्वक समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को इनके प्रभावी क्रियान्वयन में गति लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता वाली योजनाओं का लाभ समय पर आमजन तक पहुंचना चाहिए। इस बैठक में एडीएम अनुराग भार्गव, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी शंभु दयाल मीणा, एडिशनल एसपी भागचंद मीणा सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
Source link