उज्जैन में दो दिन पहले पांड्याखेड़ी इलाके में ब्रिज के पास खड़े ट्रक से अज्ञात बदमाश तीन टायर चोरी कर ले गए थे। थाना पंवासा पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए 48 घंटे के भीतर दो चोरों को गिरफ्तार कर 11.50 लाख रुपए कीमत के तीन टायर और एक आयशर वाहन जब्त किया है। शनिवार को थाना पंवासा में फरियादी असीम कुमार तिलकर (39), निवासी किशनपुरा, थाना माधवनगर, जिला उज्जैन ने अपने मैनेजर योगेंद्र चौधरी के साथ रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि वे ट्रांसपोर्ट का व्यवसाय करते हैं और उनकी गाड़ियां पांड्याखेड़ी ब्रिज के पास डालाडा मैदान में खड़ी रहती हैं। शुक्रवार सुबह मैनेजर ने सूचना दी कि ट्रक क्रमांक MP-14-LB-2277 के पीछे बाईं ओर के दो और दाईं ओर का एक टायर डिस्क सहित गायब है। आसपास तलाश करने पर भी टायरों का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद फरियादी की शिकायत पर थाना पंवासा में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 103/26, धारा 303(2) BNS के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। घटना को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी पंवासा गमर सिंह मंडलोई द्वारा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में सघन तलाश की। झाड़ियों, कबाड़ की दुकानों और अन्य संदिग्ध स्थानों की जांच के साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले गए। जांच के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि गरोठ हाईवे पर खिलचीपुर के पास एक पिकअप वाहन (क्रमांक MP-43-G-2915) में दो व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में ट्रक के टायर बेचने की फिराक में खड़े हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। अगर रोड-गरोठ हाईवे सर्विस रोड पर “बैरागी मोटर्स” लिखी पिकअप खड़ी मिली। पुलिस को देखते ही एक व्यक्ति भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान मुकीम पिता मुमताज (23) और इरशाद पिता मुमताज (38), निवासी क्षत्री मोहल्ला, घोसला के रूप में हुई। वाहन चालक को भी हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे चोरी किए गए टायरों को बेचने के लिए गरोठ हाईवे के खिलचीपुर क्षेत्र में ग्राहक का इंतजार कर रहे थे।
Source link