डीग में साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन एंटीवायरस’ के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। जिला पुलिस अधीक्षक (एसपी) शरण गोपीनाथ कांबले के निर्देश पर पुलिस टीमों ने 24 शातिर साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान 5 विधि से संघर्षरत बाल अपचारियों को भी डिटेन किया गया। पुलिस के अनुसार, ये अपराधी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म जैसे यूट्यूब और इंस्टाग्राम पर ‘व्यूज’ और ‘फेक फॉलोअर्स’ बढ़वाने का झांसा देकर लोगों को ठगते थे। इसके अतिरिक्त, गिरोह सेक्स्टॉर्शन, फर्जी विज्ञापन और बैंक अधिकारी बनकर भी लोगों के बैंक खातों में सेंध लगाता था। खोह और जुरहरा पुलिस द्वारा की गई छापेमारी में अपराधियों के पास से भारी मात्रा में उपकरण बरामद हुए हैं। इनमें 31 एंड्रॉइड मोबाइल फोन, 21 फर्जी सिम कार्ड और 1 लाख 11 हजार 400 रुपए की नकद राशि शामिल है। एसपी शरण गोपीनाथ कांबले ने बताया कि जिले को साइबर अपराध मुक्त बनाने के लिए ‘ऑपरेशन एंटीवायरस’ अभियान जारी रहेगा। उन्होंने आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपनी निजी जानकारी, बैंक विवरण या ओटीपी साझा न करें और लुभावने सोशल मीडिया ऑफर्स के झांसे में न आएं।
Source link