बूंदी के तालेड़ा थाना क्षेत्र के अधेड़ गांव में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई। इस दौरान धारदार हथियारों का इस्तेमाल किया गया, जिससे तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में से एक की हालत गंभीर होने पर उसे कोटा रेफर किया गया है। तालेड़ा थाना प्रभारी अरविंद भारद्वाज के अनुसार, यह विवाद एक ही परिवार के चाचा-ताऊ के पक्षों के बीच जमीन को लेकर लंबे समय से चला आ रहा था। गुरुवार देर रात यह विवाद अचानक बढ़ गया, जिसके बाद कहासुनी हिंसक झड़प में बदल गई। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर धारदार हथियारों से हमला किया। झड़प में एक पक्ष के सम्मन सिंह पुत्र सुखदेव सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें प्राथमिक इलाज के बाद कोटा रेफर किया गया है। दूसरे पक्ष के गुरुमुख सिंह और अमन सिंह को भी चोटें आई हैं, जिनका तालेड़ा अस्पताल में इलाज जारी है। घटना स्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया था। सूचना मिलते ही तालेड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। थाना प्रभारी भारद्वाज ने बताया कि गांव में शांति व्यवस्था बनी हुई है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। पुलिस किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पूरी तरह सतर्क है। पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि दोनों परिवारों के बीच जमीन को लेकर पुराना विवाद इस हिंसक टकराव का मुख्य कारण था। फायरिंग की खबर पूरे घटनाक्रम के बीच फायरिंग की खबरों ने माहौल को और तनावपूर्ण बना दिया। स्थानीय लोगों के बीच चर्चा रही कि झगड़े के दौरान गोली चलने की आवाज सुनी गई थी। सम्मन सिंह को गोली लगने की आशंका जताई जा रही थी। हालांकि पुलिस ने फायरिंग की पुष्टि से साफ इनकार किया है। थाना प्रभारी भारद्वाज ने स्पष्ट किया कि अभी तक घटना के दौरान फायरिंग की पुष्टि नहीं हुई है। घायलों की मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। बिना पुष्टि के किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।
Source link