तेलंगाना से 26 मजदूर छुड़ाए गए:प्रशासन ने दिलाया बकाया भुगतान, कलेक्टर ने जिले में ही काम करने कहा




डिंडोरी: तेलंगाना के भद्राद्री जिले में तीन महीने से फंसे डिंडोरी के 26 मजदूरों को छुड़ा लिया गया है। जिला प्रशासन और एक स्वयंसेवी संस्था के सहयोग से गुरुवार को सभी मजदूर डिंडोरी वापस लाए गए। उनकी करीब 5 लाख 96 हजार रुपए की बकाया मजदूरी का भुगतान भी सुनिश्चित कराया गया है। इस मामले की शुरुआत 31 मार्च को जनसुनवाई के दौरान हुई थी। मजदूर लखन मरावी की बेटी रोशनी ने कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया से अपने पिता और अन्य मजदूरों को वापस लाने की गुहार लगाई थी। कलेक्टर ने इस पर तत्काल संज्ञान लेते हुए श्रम, राजस्व और पुलिस विभाग की एक संयुक्त टीम गठित कर कार्रवाई के निर्देश दिए। जानकारी के अनुसार, मेहंदवानी जनपद पंचायत के सुखलोंडी, पिंडरुखी और धनगांव गांवों के ये मजदूर 10 जनवरी को ठेकेदारों के साथ मिर्ची तोड़ने तेलंगाना गए थे। तय समय सीमा पूरी होने के बाद भी उन्हें न तो मजदूरी का भुगतान किया जा रहा था और न ही उन्हें घर लौटने की अनुमति दी जा रही थी। मजदूरों ने टोल फ्री नंबर पर शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद प्रशासन सक्रिय हुआ और स्थानीय प्रशासन की मदद से सभी को सुरक्षित वापस लाया गया। कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने मजदूरों से अपील की है कि वे अधिक मजदूरी के लालच में दूसरे राज्यों में जाने से बचें और किसी भी ठेकेदार के बहकावे में न आएं। उन्होंने आश्वस्त किया कि जिले में रोजगार के पर्याप्त अवसर उपलब्ध हैं और पात्र मजदूरों को शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाया जाएगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *