दरभंगा जिले में जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि रसोई गैस की कोई कमी नहीं है और आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है। जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने बताया कि 31 मार्च को दरभंगा जिले में संचालित गैस एजेंसियों की ओर से कुल 8869 से अधिक एलपीजी सिलेंडरों का वितरण किया गया, जबकि 10,934 सिलेंडर एजेंसियों के गोदामों में शेष हैं।
उन्होंने बताया कि 1 अप्रैल को 12,568 नए एलपीजी सिलेंडर जिले में आने की संभावना है। साथ ही आज 23,502 गैस सिलेंडरों के वितरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
अधिकारियों के अनुसार, गैस एजेंसियों की ओर से होम डिलीवरी सेवा जारी है, जिससे उपभोक्ताओं को सीधे घर तक सिलेंडर की आपूर्ति की जा रही है। अनावश्यक बुकिंग न करने की अपील
उपनिदेशक जनसंपर्क ने बताया कि जिला प्रशासन उपभोक्ताओं को पर्याप्त मात्रा में गैस उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे घबराहट या अफवाहों के कारण अनावश्यक रूप से गैस सिलेंडर की बुकिंग न करें।
प्रशासन की ओर से कालाबाजारी और मुनाफाखोरी पर रोक लगाने के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। जिलाधिकारी के निर्देश पर विभिन्न प्रखंडों में निरीक्षण अभियान चलाया गया, जिसमें दो गैस एजेंसियों सहित कुल 16 स्थानों पर जांच की गई।
गैस आपूर्ति से संबंधित 980 शिकायतें मिली अब तक गैस आपूर्ति से संबंधित 980 शिकायतें मिली है, जिनका निवारण कर दिया गया है। उपभोक्ता अपनी शिकायत 06272-245055 पर दर्ज करा सकते हैं। जिलाधिकारी ने सभी गैस एजेंसियों को निर्देश दिया है कि वे अपने भंडारण में उपलब्ध एलपीजी सिलेंडरों की संख्या को सूचना पट पर पारदर्शी तरीके से प्रदर्शित करें। प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी भ्रामक सूचना से बचें।
Source link