दरभंगा के अतरबेल-भरवाड़ा पथ पर आज सड़क हादसे में एक युवती की मौत हो गई, जबकि उसके पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना सिंहवाड़ा पुल के पास टेंपो स्टैंड के पास हुई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सिंहवाड़ा थाना घटनास्थल से मात्र 500 मीटर की दूरी पर है। सब्जी लदा एक ओवरलोडेड टेंपो भरवाड़ा की ओर जा रहा था। टेंपो पर सब्जियों के ऊपर कुछ लोग भी बैठे थे। तेज रफ्तार के दौरान अचानक सामने बाइक आ जाने पर ड्राइवर ने ब्रेक लगाया, जिससे संतुलन बिगड़ गया और टेंपो सड़क पर पलट गया। इसी दौरान बाइक सवार पिता-बेटी इसकी चपेट में आ गए। हादसे में 22 साल की शालिनी कुमारी, निवासी चिचरी गांव (कटरा थाना क्षेत्र, मुजफ्फरपुर) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके पिता हरिकिशोर गुप्ता गंभीर रूप से घायल हो गए। पिता को बेहतर इलाज के लिए डीएमसीएच रेफर किया स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को तत्काल सिंहवाड़ा सीएचसी पहुंचाया गया, जहां ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर डॉ. प्रेमचंद ने शालिनी को मृत घोषित कर दिया। वहीं प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल पिता को बेहतर इलाज के लिए डीएमसीएच रेफर कर दिया गया। शालिनी अपने पिता के साथ बाजार जा रही थी। रविवार को उसे देखने के लिए लड़के वाले आने वाले थे, जिसकी तैयारी के लिए दोनों निकले थे। घटना के बाद टेंपो चालक और उस पर सवार अन्य लोग मौके से फरार हो गए। मृतका के चाचा रंजय कुमार गुप्ता ने बताया कि उनकी भतीजी की शादी की बातचीत चल रही थी और रविवार को लड़के वाले उसे देखने आने वाले थे। इसी सिलसिले में वह अपने पिता के साथ बाजार से खरीदारी करने निकली थी। मृतक लड़की बीए फाइनल ईयर की छात्रा थी। थानाध्यक्ष बसंत कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही सिंहवाड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और फरार ड्राइवर की तलाश जारी है। गाड़ी को जब्त कर थाना लाया गया है। इधर, घटना की खबर मिलते ही मृतका के गांव में मातम छा गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
Source link