सीकर के धोद थाना इलाके में बीती देर रात नाकाबंदी कर रखी पुलिस की गाड़ी को टक्कर मारने का मामला सामने आया है। टक्कर मारने के बाद गाड़ी में सवार दोनों लोग गाड़ी को वहां से लेकर फरार हो गए। हालांकि एक आरोपी को तीन किलोमीटर पीछा करके पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। साथ ही टक्कर मारने वाली गाड़ी को भी जप्त कर लिया है। एक आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। धोद थाना SHO अमर सिंह के अनुसार घटना रात करीब 11:30 की है। पुलिस थाने की टीम को ह्यूमन इंटेलिजेंस के जरिए सूचना मिली थी कि एक गाड़ी में दो लोग सवार है। उनके पास कोई अवैध मादक पदार्थ हो सकता है। ऐसे में थाने के पुलिसकर्मियों ने प्राइवेट गाड़ी से पीछा करना शुरू किया। पीछा कर रहे पुलिसकर्मियों ने सूचना दी कि गाड़ी सरवड़ी मोड वाले रास्ते की तरफ से आ रही है। ऐसे में सिंगरावट में नाकाबंदी की गई। इसी दौरान संदिग्ध गाड़ी आई हुई दिखाई दी। जिसे रुकने का इशारा किया गया लेकिन गाड़ी नहीं रुकी और उसने पुलिस की 112 गाड़ी को टक्कर मार दी। ऐसे में गाड़ी में बैठे ड्राइवर और सिपाही को अंदरूनी चोट आई। टक्कर मारने वाली गाड़ी के वहां से फरार होने के बाद पुलिस ने पीछा करना शुरू किया। करीब 3 किलोमीटर दूर भेरूपुरा एरिया में पुलिस ने एक आरोपी जीवराज को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही उसके कब्जे से गाड़ी भी जप्त कर ली। हालांकि एक आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। जिसकी अब पुलिस तलाश कर रही है।
Source link